Religion Spirituality : निरंकारी मिशन के ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का तृतीय चरण 23 फरवरी से होगा शुरू
1 min read
REPORT BY LOK REPORTER
AMETHI NEWS।
संत निरंकारी मिशन की सेवा भावना और मानव कल्याण के संकल्प को साकार करने हेतु ‘प्रोजेक्ट अमृत’ के अंतर्गत ‘स्वच्छ जल, स्वच्छ मन’ परियोजना के तृतीय चरण का भव्य शुभारंभ रविवार, 23 फरवरी को अमेठी जनपद की समस्त छह शाखाएं छेत्र के विभिन्न जगहों पर स्वच्छता अभियान चलाकर करेंगी। जिसमें करौंदी शाखा मां कालिकन धाम स्थित सगरा की विगत वर्षों की भांति इस वर्ष भी सफ़ाई अभियान चलाया जाएगा।
गौरीगंज , शाहगढ़, परसावा, तीनों निरंकारी मिशन की शाखा मिलकर अहोरबन भवानी में स्थित सगरा की साफ सफ़ाई करेंगे। जगदीशपुर और अहुरी व बाबा झाम दास की कुटी स्थित तालाब में सफ़ाई अभियान चलाया जाएगा। उक्त प्रॉजेक्ट में अमेठी जनपद के सैकड़ों निरंकारी श्रद्धालु भाग लेकर अपनी निस्वार्थ सेवाओं से स्वच्छ जल स्वच्छ मन का संदेश देकर समाज एवं देश को जल संचय के प्रति जागरूक करने का प्रयास करेंगे।
उक्त परियोजना के बारे में जानकारी देते हुए करौंदी शाखा की मुखी विद्या देवी एवं परसावा ब्रांच के मुखी मूलचंद्र ने संयुक्त रूप से बताया कि इस परियोजना का भव्य शुभारंभ निरंकारी मिशन की सतगुरू माता सुदीकच्छा जी महाराज एवं निरंकारी राजपिता रमिता जी द्वारा दिल्ली में यमुना नदी के छठ घाट आई टी ओ दिल्ली से किया जाएगा।इस परियोजना का उद्देश्य जल संरक्षण एवं स्वच्छता के प्रति जागरूक करना है, ताकि भावी पीढ़ियों को निर्मल जल और स्वस्थ पर्यावरण का वरदान प्राप्त हो सके।
संत निरंकारी मिशन ने बाबा हरदेव सिंह जी महाराज की प्रेरणादायक शिक्षाओं को आत्मसात करते हुए वर्ष 2023 में संस्कृति मंत्रालय, भारत सरकार के सहयोग से ‘प्रोजेक्ट अमृत’ का शुभारंभ किया था। इस दिव्य पहल का उद्देश्य केवल जल स्रोतों की स्वच्छता सुनिश्चित करना ही नहीं, बल्कि जल संरक्षण को मानव जीवन का अभिन्न अंग बनाने की सोच को विकसित करना है।
नदियों, झीलों, तालाबों, कुओं और झरनों जैसे प्राकृतिक जल स्रोतों की स्वच्छता एवं संरक्षण को समर्पित इस महाअभियान ने अपने पहले दो चरणों में अभूतपूर्व सफलता प्राप्त की। इसी प्रेरणा के साथ, इस वर्ष तृतीय चरण को और अधिक व्यापक, प्रभावी एवं दूरगामी दृष्टि से आगे बढ़ाया गया है, ताकि यह अभियान निरंतर विस्तार पाकर समाज में जागरूकता, सेवा और समर्पण की एक सशक्त लहर उत्पन्न करे।
करौंदी शाखा की मुखी विद्या देवी जी ने जानकारी देते हुए बताया कि यह वृहद अभियान देशभर में 27 राज्यों एवं केंद्रशासित प्रदेशों के 900 से अधिक शहरों में 1600 से भी अधिक स्थानों पर एक साथ आयोजित किया जाएगा। इस महाअभियान की यह अभूतपूर्व व्यापकता इसे एक ऐतिहासिक स्वरूप प्रदान करेगी, जिससे जल संरक्षण एवं स्वच्छता का संदेश और अधिक प्रभावशाली रूप से जन-जन तक पहुंचेगा।
संत निरंकारी मिशन के भारत वर्ष के लगभग 10 लाख समर्पित स्वयंसेवक एक साथ मिलकर जल संरक्षण और स्वच्छता का संदेश जन-जन तक पहुंचाएंगे। गीतों की संगीतमय प्रस्तुति, समूह गान, जागरूकता सेमिनार और सोशल मीडिया अभियानों के माध्यम से जल जनित रोगों और स्वच्छता के प्रति जागरूकता बढ़ाई जा रही है। यह पहल केवल सफाई तक सीमित न रहकर आज की युवा पीढ़ी को समाज कल्याण की दिशा में सकारात्मक कार्य करने के लिए प्रेरित करने का एक सशक्त माध्यम बनेगी।
सतगुरु माता सुदीक्षा जी महाराज भी अक्सर यही प्रेरणा देते हैं कि हम इस धरती को और भी अधिक सुंदर स्वरूप में छोड़कर जाएं। यह अभियान उसी संकल्प का एक साकार स्वरूप है, जो समाज को जागरूकता, सेवा और समर्पण की दिशा में आगे बढ़ाने का कार्य करेगा।