Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

AYODHYA SPECIAL : श्री रामलला की प्राण प्रतिष्ठा का भव्य आयोजन की तैयारी पूरी,पहुंच रहे अतिथि गण

1 min read

 

 

     

PRESENTED BY NEERAJ SINGH (EDITOR) 

 

 

भव्य राम मंदिर बनकर तैयार है। 22 जनवरी को इसमें श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा होगी। इसको लेकर देशभर में उल्लास है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास कहते हैं कि ‘राम लला की मूर्ति जो वर्तमान में अस्थायी मंदिर में है उसे रविवार को शाम 8 बजे नए मंदिर में रख दिया जाएगा। जहां नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को की जाएगी।

राम मंदिर ‘प्राण प्रतिष्ठा’ पर मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास ने कहा कि 16 जनवरी को शुरू हुआ ‘अनुष्ठान’ सोमवार को पूरा होगा और दोपहर करीब 12:30 बजे भगवान राम की प्राण प्रतिष्ठा समारोह होगा। प्राण प्रतिष्ठा होने के बाद भक्त भगवान श्री रामलला के दर्शन कर सकेंगे।

श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र के मुख्य पुजारी आचार्य सत्येन्द्र दास कहते हैं कि ‘राम लला की मूर्ति जो वर्तमान में अस्थायी मंदिर में है उसे रविवार को शाम 8 बजे नए मंदिर में रख दिया जाएगा। जहां नई मूर्ति की प्राण प्रतिष्ठा सोमवार को की जाएगी। 22 जनवरी का दिन बेहद मंगलकारी और भावुक कर देने वाला होगा, क्योंकि इस दिन अयोध्या के राम मंदिर में मर्यादा पुरुषोत्तम भगवान श्रीराम की प्राण-प्रतिष्ठा की जाएगी।

इससे पहले पांच दिनों तक वैदिक अनुष्ठानों को किया गया। प्राण प्रतिष्ठा पूजा के छठवें दिन रविवार को 114 कलशों के विभिन्न औषधीय जल से मूर्ति को स्नान कराया गया। रविवार को ही मूर्ति का मध्याधिवास,शैय्या अधिवास कराया गया वही प्रभु श्रीराम के सिंहासन को सरयू जल से धोया गया। सांयकाल की आरती के बाद अनुष्ठान का विश्राम हो गया।

भगवान श्रीराम की प्रतिमा की प्राण-प्रतिष्ठा हेतु सात दिवसीय अनुष्ठान किए जा रहे हैं। इसी क्रम में रामलला की प्राण-प्रतिष्ठा से दो दिन पूर्व यानी 20 जनवरी को पुष्पाधिवास, शर्कराधिवास और फलाधिवास किए गए। पुष्पाधिवास, शर्कराधिवास और फलाधिवास के दिन रवि योग का था। कहा जाता है कि रवि योग में शुभ कार्य कर सकते हैं। विराजित रामलला की मूर्ति को उनके तीनो भाइयों शालिग्राम व हनुमानजी महाराज के साथ नए मन्दिर में लाया गया।

रामनगरी में करीब चार घंटे बिताएंगे मोदी 

22 जनवरी को प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी रामनगरी में करीब चार घंटे बिताएंगे। पीएम सुबह 10:25 बजे महर्षि वाल्मीकि अंतरराष्ट्रीय हवाई अड्डा पहुंचेंगे। यहां से 10:45 बजे हेलीपैड पर आएंगे। सुबह 10:55 बजे श्रीरामजन्मभूमि पर आगमन होगा। 11 से 12 बजे तक का समय आरक्षित है। दोपहर 12:05 से 12:55 बजे तक प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शिरकत करेंगे। 12:55 बजे पूजा स्थल से प्रस्थान कर दोपहर एक बजे सार्वजनिक समारोह स्थल पर पहुंचेंंगे। यहां दोपहर दो बजे तक रहेंगे। इसके बाद 2:10 बजे कुबेर टीला के दर्शन करेंगे।

अति विशिष्ट अतिथियों का आगमन शुरू

सोमवार को होने वाले राममंदिर के प्राण प्रतिष्ठा समारोह में शामिल होने के के लिए संघ प्रमुख मोहन भागवत रविवार को अयोध्या पहुंचे। यहां वह आरएसएस के कार्यालय साकेत निलियम में रात्रि विश्राम के लिए रुके हैं। राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंचालक डॉ. मोहन भागवत के साथ सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले अयोध्या पहुंच चुके हैं। संघ के ये सर्वोच्च पदाधिकारी यहां श्रीरामलाल की प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने श्रीरामनगरी पहुंचे हैं।

अयोध्या पहुंचने वालों में राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ (आरएसएस) के सरसंचालक डॉ. मोहन भागवत के अलावा सरकार्यवाह दत्तात्रेय होसबोले भी शामिल हैं। ये दोनों रविवार को अयोध्या पहुंचे हैं। जबकि पूर्व सरकार्यवाह सुरेश उपाख्य भैय्याजी जोशी, सह सरकार्यवाह डॉ. कृष्ण गोपाल और अखिल भारतीय सम्पर्क प्रमुख रामलाल पहले से ही अयोध्या में हैं। इसके अलावा सह सरकार्यवाह सुरेश सोनी, अखिल भारतीय सह व्यवस्था प्रमुख अनिल भी अयोध्या पहुंच चुके हैं।

श्रीरामलला की प्राण प्रतिष्ठा का साक्षी बनने के लिए विशिष्ट अतिथियों का आगमन शुरू हो चुका है। सीजेआई चंद्रचूड़ अयोध्या पहुंचे। साथ ही नेता भी पहुंच रहे हैं। इसी कड़ी में पूर्व केंद्रीय मंत्री मेनका गांधी और यूपी सरकार में उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य रामनगरी पहुंचे। बॉलीवुड अभिनेता अमिताभ बच्चन, अभिषेक बच्चन, विवेक ओबेराय, सिंगर सोनू निगम, साउथ सुपरस्टार रजनीकांत और धनुष पहुंच गए हैं। क्रिकेट खिलाड़ी सचिन तेंदुलकर, विराट कोहली, रविन्द्र जडेजा, बैडमिंटन खिलाड़ी साइना नेहवाल भी राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने के लिए पहुंच गई हैं।

सुरक्षा के अभेद्य दुर्ग में तब्दील है रामनगरी

श्रीराम जन्मभूमि की सुरक्षा में उत्तर प्रदेश विशेष सुरक्षा बल के लगभग 1450 जवान को तैनात किया गया है। अपर पुलिस महानिदेशक एलवी एंटनी देव कुमार स्वयं सुरक्षा व्यवस्था की मॉनीटरिंग कर रहे हैं। यूपीएसएसएफ के जवान रामजन्म भूमि परिसर, गर्भगृह और पेट्रोलिंग ड्यूटी के साथ रेड जोन की सुरक्षा में लगाए गए हैं।

बता दे कि इन जवानों को हरियाणा के मानेसर में एनएसजी से प्रशिक्षण दिलाया गया और अत्याधुनिक हथियार से लैस किए गए। ये किसी भी संदिग्ध परिस्थिति से निपटने के लिए तैयार हैं। बल में सिविल पुलिस और पीएसी के चुनिंदा जवानों की नियुक्ति की जाती है। इस बल में आने के बाद जवानों को तीन माह की स्पेशल ट्रेनिंग कराई जाती है। मंदिर की सुरक्षा में महिला और पुरुष कमांडो लगाए गए हैं।

श्रीराम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के मदेद्नजर राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) के जवानों ने मोर्चा संभाल लिया है। उप महानिरीक्षक 11 वाहिनी एनडीआरफ वाराणसी मनोज कुमार शर्मा के नेतृत्व में वाराणसी, लखनऊ और गोरखपुर से विशेष रूप से प्रशिक्षित एवं चिह्नित टीमों को तैनात किया गया है।

शर्मा ने बताया कि तीन टीमों को अयोध्या में तैनात की गई है। इनमें एक टीम केमिकल बायोलॉजिकल रेडियोलॉजिकल और न्यूक्लियर आपदा के लिए है। दूसरी टीम स्ट्रक्चर सर्च एंड रेस्क्यू के लिए है। तीसरी टीम को सरयू नदी में विभिन्न घाटों पर रेस्क्यू मोटर बोट, गोताखोर, पैरामेडिकल, लाइफ जैकेट इत्यादि के साथ तैनात हैं।

जहां भगवान राम हैं, वहां सब मंगल हैं- बाबा रामदेव

राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा में शामिल होने पहुंचे रामदेव ने कहा कि जहां भगवान राम हैं, वहां सब मंगल है, घड़ी मुहूर्त शुभ नहीं है, राम के नाम पर मत डराओ। जहां भगवान राम हैं, वहां सब मंगल है, जहां राम हैं, वहां सब शुभ ही शुभ है। यह सिर्फ राम मंदिर का निर्माण नहीं हो रहा, राष्ट्र रामराज की ओर आगे बढ़ रहा है। उन्होंने कहा कि राम टेंट से भव्य राम मंदिर में आ रहे हैं। गर्भगृह का पूरा निर्माण हो गया है। देश राजनीति, धार्मिक और आर्थिक रूप से मजबूत होगा।

प्राण प्रतिष्ठा का निमंत्रण अस्वीकारना दुर्भाग्य का विषय -आचार्य प्रमोद कृष्णन

विपक्ष के नेताओं द्वारा राम मंदिर प्राण प्रतिष्ठा समारोह के निमंत्रण को अस्वीकार करने पर कांग्रेस नेता आचार्य प्रमोद कृष्णम ने कहा कि “यह दुर्भाग्य का विषय है। राम के निमंत्रण को तो कोई ईसाई, पादरी, मुसलमान भी नहीं ठुकरा सकता। राम भारत की आत्मा हैं। राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारतीय संस्कृति और सभ्यता का अपमान करना है।

राम के निमंत्रण को ठुकराने का मतलब भारत की अस्मिता को चुनौती देना है। राम के बिना ना भारत की कल्पना की जा सकता है ना भारत के लोकतंत्र की। मैं सभी विपक्षी दलों से निवेदन करना चाहता हूं कि आप भाजपा से लड़ो राम से मत लड़ो। भाजपा से लड़ो सनातन से मत लड़ो, भाजपा से लड़ो भारत से मत लड़ो।

कंगना रनौत सफाई अभियान में हिस्सा लिया और झाड़ू लगाई

फिल्म अभिनेत्री कंगना रानौत रविवार को रामनगरी पहुंचीं। यहां पर उन्होंने हनुमानगढ़ी पहुंचकर भगवान बजरंगबली का दर्शन पूजन किया। इस दौरान कंगना ने मंदिर परिसर में चल रही सफाई अभियान में हिस्सा लिया और झाड़ू लगाई। इस मौके पर कंगना ने कहा कि वो सौभाग्य शाली हैं कि उन्हें कई बार अयोध्या आने का मौका मिला है। कंगना ने कहा कि वो हनुमानगढ़ी में स्वच्छता अभियान में हिस्सा लेकर गर्व का अनुभव कर रही हैं और चाहती हैं कि और भी लोग इस अभियान में हिस्सा लें और अपने आसपास के मंदिरों की साफ सफाई करें।

उन्होंने कहा कि उन्होंने लोगों को प्रेरित करने के लिए ही आज मंदिर परिसर में झाड़ू लगाई है। कंगना ने कहा ,”राम मंदिर सिर्फ एक मंदिर नहीं है, वो मूर्ति सिर्फ एक मूर्ति नहीं है।” उनके विचार में राम मंदिर एक नए युग की शुरुआत करता है और चेतना की उच्च स्थिति का प्रतीक है।

प्राण प्रतिष्ठा में देश के अलग-अलग हिस्सों के 14 दंपत्ति होंगे यजमान

22 जनवरी को रामलला की प्रतिमा की प्राण प्रतिष्ठा के मुख्य आयोजन में पीएम नरेन्द्र मोदी शामिल होंगे। कार्यक्रम के यजमान के रूप में देश के अलग-अलग हिस्से से 14 दंपति भी प्रतिभाग करेंगे। श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट की सहमति के बाद आरएसएस के अखिल भारतीय प्रचार प्रमुख सुनील आंबेकर ने यह जानकारी साझा की। बताया कि ये यजमान भारत के उत्तर, पूर्व, पश्चिम, दक्षिण और पूर्वोत्तर भाग के निवासी हैं।

उन्होंने बताया कि यजमान सूची में उदयपुर निवासी बनवासी कल्याण आश्रम के अध्यक्ष के रामचंद्र खराड़ी है। असम की राम कुई जेमी व जयपुर के गुरुचरण सिंह गिल हैं। हरदोई के रविदास समाज के कृष्ण मोहन व मुल्तानी से रमेश जैन हैं। तमिलनाडु से अडालारासन, महाराष्ट्र के विट्ठल राव कांबले तथा महाराष्ट्र के लातूर के घुमंतू समाज के ट्रस्टी महादेव राव गायकवाड़ यजमान बनें हैं।

कर्नाटक के लिंगराज बसवराज अप्पा, लखनऊ के दिलीप वाल्मीकि काशी के डोम राज परिवार के अनिल चौधरी और यहीं के कैलाश यादव भी इस कतार में शामिल हैं। साथ ही हरियाणा के पलवल के अरुण चौधरी व काशी के ही कवींद्र प्रताप सिंह यजमान होंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »