DIGITAL EDUCATION : आईसीटी आधारित स्मार्ट क्लास एवं डिजिटल लाइब्रेरी पर दो दिवसीय शिक्षक प्रशिक्षण प्रारंभ
1 min read

रिपोर्ट – लोकदस्तक संवाददाता
अमेठी (उ.प्र.)।
जनपद स्तरीय आईसीटी आधारित स्मार्ट क्लास, आईसीटी लैब्स एवं डिजिटल लाइब्रेरी के प्रभावी उपयोग हेतु शिक्षकों के उन्मुखीकरण पर आधारित दो दिवसीय प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ विकास खंड अमेठी के बीआरसी सभागार में किया गया।
प्रशिक्षण में राज्य स्तरीय संदर्भ दाता रोहित प्रताप सिंह एवं सर्वेश कुमार द्वारा शिक्षकों को आईसीटी के शैक्षणिक प्रयोग, आईएफपी पैनल, स्मार्ट बोर्ड तथा अन्य तकनीकी पहलुओं पर विस्तार से जानकारी दी गई। इसके साथ ही राज्य स्तर से आए एमआईसीआर के इंजीनियर द्वारा शिक्षकों को हैंड्स-ऑन प्रैक्टिस कराते हुए स्मार्ट बोर्ड, आईसीटी लैब्स एवं डिजिटल लाइब्रेरी के व्यावहारिक उपयोग की जानकारी प्रदान की गई। प्रशिक्षण के दौरान शिक्षकों द्वारा उठाई गई तकनीकी समस्याओं का त्वरित समाधान भी किया गया।
इस प्रशिक्षण कार्यक्रम में जनपद के पाँच विकास खंड भादर, गौरीगंज, अमेठी, भेटुआ एवं बहादुरपुर के शिक्षकों ने सक्रिय सहभागिता की। शिक्षकों ने अपने शिक्षण को तकनीक के माध्यम से अधिक समृद्ध, रोचक एवं गुणवत्तापूर्ण बनाने हेतु विभिन्न डिजिटल टूल्स एवं तकनीकों का अभ्यास किया तथा उनके शैक्षणिक अनुप्रयोग को समझा।
प्रशिक्षण का उद्देश्य विद्यालयों में आईसीटी संसाधनों के प्रभावी उपयोग को बढ़ावा देना एवं डिजिटल माध्यमों से शिक्षण-अधिगम प्रक्रिया को और अधिक सशक्त बनाना है।

