Constitution Day : संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने डॉ0 अंबेडकर के चित्र पर किया माल्यार्पण, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई शपथ
1 min read
संविधान दिवस पर जिलाधिकारी ने बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर किया माल्यार्पण, अधिकारियों एवं कर्मचारियों को दिलाई संविधान की प्रस्तावना की शपथ
अमेठी, उप्र ।
संविधान दिवस के अवसर पर आज 26 नवंबर को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में कार्यक्रम का आयोजन किया गया। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने भारत रत्न बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर के चित्र पर पुष्प अर्पित कर एवं माल्यार्पण कर नमन किया।
इसके उपरांत उन्होंने उपस्थित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को भारतीय संविधान की प्रस्तावना का सामूहिक वाचन कराते हुए संविधान के प्रति निष्ठा एवं उसके मूल्यों के अनुरूप आचरण करने की शपथ दिलाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी ने जनपदवासियों को संविधान दिवस की हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं देते हुए कहा कि भारतीय संविधान हमारे लोकतंत्र की आधारशिला है।
यह प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय एवं गरिमा के साथ जीवन जीने का अधिकार प्रदान करता है। संविधान की प्रस्तावना में निहित सामाजिक, आर्थिक एवं राजनीतिक न्याय, विचार एवं अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता, विश्वास एवं उपासना की स्वतंत्रता तथा अवसर की समानता जैसे आदर्श हमारे लोकतांत्रिक व्यवस्था के मूल आधार हैं।
उन्होंने कहा कि संविधान की उद्देशिका में निहित मूल्यों एवं आदर्शों को व्यवहार में उतारना प्रत्येक अधिकारी एवं कर्मचारी की प्राथमिक जिम्मेदारी होनी चाहिए। सभी को अपने कार्यों एवं दायित्वों का निर्वहन करते समय निष्पक्षता, पारदर्शिता, समानता एवं संवेदनशीलता का विशेष ध्यान रखना चाहिए, ताकि शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ समाज के प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक पहुंच सके।
जिलाधिकारी ने कहा कि संविधान ने हमें मौलिक अधिकार प्रदान करने के साथ-साथ कुछ महत्वपूर्ण मौलिक कर्तव्य भी सौंपे हैं। इसलिए हम सभी का दायित्व है कि अपने अधिकारों के प्रति जागरूक रहने के साथ-साथ संविधान में उल्लिखित कर्तव्यों का भी पूरी निष्ठा, ईमानदारी एवं प्रतिबद्धता के साथ पालन करें। संविधान के प्रति सम्मान, राष्ट्रीय एकता, अखंडता एवं आपसी भाईचारे की भावना को मजबूत बनाना हम सभी की सामूहिक जिम्मेदारी है।
कार्यक्रम के अंत में संविधान के आदर्शों एवं मूल्यों को अपने दैनिक जीवन और कार्यप्रणाली में आत्मसात करने का संकल्प लिया गया। इस अवसर पर अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व धीरज श्रीवास्तव, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, डिप्टी कलेक्टर पंकज कुमार, रामशंकर सहित कलेक्ट्रेट के अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



