बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार जनता दल (यू) के कार्यकर्ता संवाद में हुए शामिल
1 min read

भदोही। नगर के रामरायपुर में स्थित जनता दल (यूनाइटेड) के जिला कार्यालय में गुरुवार को जिला कार्यकर्ता संवाद कार्यक्रम हुआ। इस कार्यकर्ता संवाद के जरिए आगामी लोकसभा चुनाव को देखते हुए पार्टी के उत्तर प्रदेश संगठन प्रभारी और बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने जदयू कार्यकर्ताओं में जोश भरा।उन्होंने पार्टी के सदस्यता अभियान में तेजी लाने पर बहुत जोर दिया।
कार्यकर्ता संवाद में बिहार सरकार के कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि बिहार की महिलाओं ने राज्य में शराब बंदी की मांग की थी और नीतीश कुमार ने मुख्यमंत्री बनने के बाद बिहार प्रदेश में शराब बंदी लागू कर दिया।शराबबंदी से बिहार सरकार को 4 करोड़ रुपए की हानि हुई है। लेकिन इसके कारण बिहार प्रदेश में दूध की बिक्री में 11 फीसदी और मिठाई की बिक्री में 16 फीसदी की वृद्धि हुई है।
जबकि महिला हिंसा की घटना में 12 फीसदी की कमी आई है। शराबबंदी से सड़क दुघर्टना में भी 44 फीसदी की कमी दर्ज की गई। अब यहां की महिलाएं पूरे देश में शराब बंदी की मांग कर रही हैं। उन्होंने कहा कि जिस विभाग के हम मंत्री हैं, उस विभाग के जरिए पूरे बिहार में 10 लाख 35 हजार स्वयं सहायता समूह बनाए गए।
अब एक करोड़ 30 लाख महिलाएं इस स्वयं सहायता समूह से जुड़कर स्वावलंबी बन रही हैं। ऐसा प्रयास यहां उत्तर प्रदेश की राज्य सरकार और केंद्र सरकार को भी करना चाहिए था। लेकिन ऐसा नहीं किया गया। उन्होंने कहा कि सरकारें जनता की हिफाजत और उनको तमाम सुविधाएं मुहैया कराएं जाने के लिए बनती है। लेकिन भाजपा सरकार ने जनता के साथ वादाखिलाफी की है। जनता ऐसे लोगों को माफ नहीं करेगी।
2024 के लोकसभा चुनाव में जनता उनको सबक सिखाएगी। कैबिनेट मंत्री श्रवण कुमार ने कहा कि भाजपा की सरकार में अडानी, अंबानी और अमीर होते चले जा रहे हैं। जबकि गरीब, मजदूर, किसान और भी गरीब होते जा रहे हैं। कार्यकर्ता संवाद में जनता दल यूनाइटेड पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव एवं पूर्व सांसद धनंजय सिंह और पार्टी के प्रदेश अध्यक्ष अनूप सिंह पटेल ने भी कार्यकर्ताओं को संबोधित कर दल के सदस्यता अभियान पर जोर दिया। पार्टी के इन नेताओं ने कार्यकर्ताओं से 50 हजार सदस्य बनाने का लक्ष्य रखा है ।
इस मौके पर अवधेश सिंह, सुशील कश्यप, सुशील सिंह पटेल, अवलेश सिंह, डॉ.वी एल वर्मा, दिनेश चंद राय, मीरा देवी, जफर महमूद अंसारी, मो.फिरोज खां, विनय राय, शिव नरेश यादव, मौलाना महफूज आलम, विमल धर दुबे, डॉ.नायब यादव, राजेन्द्र विश्वकर्मा, नीरज सिंह, चंद्रशेखर यादव, फोटो देवी, मनोज दुबे और सुशील पाठक आदि प्रमुख रूप से मौजूद रहे। अध्यक्षता पार्टी के जिलाध्यक्ष सर्वेश राय और संचालन युवा प्रकोष्ठ के प्रदेश प्रधान महासचिव डीएम सिंह गहरवार ने किया।