Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

सीएम योगी ने गोरखनाथ मंदिर में गो दुग्ध से भोलेनाथ का किया रुद्राभिषेक

1 min read
Spread the love

 

गोरखपुर।

देवाधिदेव महादेव शिव की उपासना के विशेष पर्व महाशिवरात्रि पर मुख्यमंत्री एवम गोरक्ष पीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ गोरक्षपीठ से लगे विभिन्न शिवालयों में भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन, जलाभिषेक और रुद्राभिषेक अनुष्ठान करते रहे। दर्शन पूजन के बाद सी एम योगी ने प्रदेश वासियों के आरोग्यमय, सुखमय, समृद्धमय और शांतिमय जीवन की मंगलकामना की। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ सुबह 7 बजे से लेकर अपरान्ह 2.45 बजे तक अलग-अलग शिव मंदिरों में भगवान भोलेनाथ की पूजा उपासना में रत रहे।

महाशिवरात्रि पर्व पर शनिवार की सुबह सीएम योगी के धार्मिक आनुष्ठानिक कार्यक्रमों की शुरुआत गोरखनाथ मंदिर से हुई। मठ के प्रथम तल पर स्थित शक्ति मंदिर में उन्होंने भगवान भोले शंकर का गो दुग्ध से रुद्राभिषेक किया। मठ के पुरोहित और वेदपाठी ब्राह्मणों ने शुक्ल यजुर्वेद संहिता के रुद्राष्टाध्यायी के महामंत्रों द्वारा रुद्राभिषेक का अनुष्ठान पूर्ण कराया। रुद्राभिषेक के बाद मुख्यमंत्री ने हवन और आरती कर चराचर जगत के कल्याण हेतु महादेव से प्रार्थना की।

आखिर में प्रसाद का वितरण हुआ। अनुष्ठान का यह कार्य तीन घण्टे से अधिक समय तक चला। इसके पूर्व मुख्यमंत्री एवं गोरक्षपीठाधीश्वर योगी आदित्यनाथ ने गोरखनाथ मंदिर परिसर स्थित शिव मंदिर में भी पूजन किया। उन्होंने यहां भगवान नंदी का पूजन कर भगवान शंकर का जलाभिषेक किया। उल्लेखनीय है कि नाथपंथ की परंपरा में गुरु गोरखनाथ सबका कल्याण करने वाले भगवान शिव के अवतार माने जाते हैं। गोरखनाथ मंदिर के मूल में भी लोक कल्याण एवं लोक मंगल की ही भावना है। ऐसे में गोरक्षपीठाधीश्वर के लिए महाशिवरात्रि का पर्व बेहद महत्वपूर्ण होता है।

सीएम योगी ने महानगर के तीन शिव मंदिरों में दर्शन, पूजन और जलाभिषेक किया

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने अंधियारीबाग स्थित प्राचीन मानसरोवर शिव मंदिर, राजघाट स्थित मुक्तेश्वरनाथ मंदिर और झारखंडी स्थित झारखंडी महादेव मंदिर में भी दर्शन पूजन किया। इन तीनों शिव मंदिरों में उन्होंने भगवान भोलेनाथ का दर्शन, पूजन और जलाभिषेक कर लोक मंगल की कामना की।

मुख्यमंत्री ने मानसरोवर मंदिर पर बच्चों को दिया प्रसाद 

महाशिवरात्रि पर्व पर मुख्यमंत्री योगी सबसे पहले अंधियारी बाग स्थित प्राचीन मानसरोवर मंदिर पहुंचे। यहां उन्होंने वैदिक मंत्रोच्चार के बीच महादेव का दर्शन पूजन किया। भोलेनाथ को भांग, धतूरा, बेलपत्र, पुष्प आदि अर्पित कर जलाभिषेक किया। पूजन कर बाहर निकलते वक्त उनकी नजर नन्हें-मुन्ने श्रद्धालुओं पर पड़ गई। मुख्यमंत्री योगी तुरंत उन बच्चों के बीच पहुंचे। उन्हें दुलार कर अपना आशीर्वाद और महाशिवरात्रि का प्रसाद दिया।
मानसरोवर मंदिर के बाद सीएम योगी मुक्तेश्वरनाथ मंदिर पहुंचे और दर्शन, पूजन के बाद ,चांदी के पात्र में रखे दुग्ध व जल से महादेव का अभिषेक किया। पूजन सामग्री के साथ वस्त्र अर्पित किया। महादेव झारखंडी मंदिर में भी मुख्यमंत्री योगी ने भगवान शिव की आराधना की। इस दौरान उनके साथ भाजपा के क्षेत्रीय अध्यक्ष एवं एमएलसी डॉ. धर्मेंद्र सिंह, विधायक प्रदीप शुक्ल, कालीबाड़ी के महंत रविंद्रदास, भाजपा के महानगर अध्यक्ष राजेश गुप्ता आदि भी मौजूद रहे।

सीएम योगी ने भरोहिया में पितेश्वरनाथ का किया जलाभिषेक 

दोपहर में मुख्यमंत्री योगी पीपीगंज के भरोहिया स्थित पितेश्वरनाथ शिव मंदिर भी पहुंचे। यहां बाबा पितेश्वरनाथ का दर्शन, पूजन और जलाभिषेक किया। सम्पूर्ण मानव जाति के कल्याण, उद्धार, समृद्धि एवं शांति की प्रार्थना की। पांडवकालीन मान्यता वाले पितेश्वरनाथ मंदिर का गोरक्षपीठ से गहरा नाता है। गोरक्षपीठाधीश्वर हर महाशिवरात्रि यहां जलाभिषेक करने आते हैं। मुख्यमंत्री ने भरोहिया में शिव मंदिर के सामने स्थित गुरु गोरखनाथ विद्यापीठ के परिसर में स्थानीय लोगों से मुलाकात कर उनका कुशलक्षेम जाना। बच्चों का प्यार से माथा सहला कर आशीर्वाद दिया। यहां कुछ लोग अपनी समस्याएं लेकर पहुंचे थे। सीएम ने उनके आवेदन लेकर समस्या निस्तारण का आदेश अधिकारियों को दिया। भरोहिया में मुख्यमंत्री के आगमन पर विधायक फतेह बहादुर सिंह समेत कई लोग मौजूद रहे।

सीएम योगी ने दी महाशिवरात्रि की शुभकामनाएं 

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने महाशिवरात्रि के पावन पर्व पर सभी प्रदेश वासियों को शुभकामनाएं दीं। अपने एक ट्वीट में उन्होंने कहा, ‘महाशिवरात्रि’ की सभी प्रदेश वासियों एवं श्रद्धालुओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं! भगवान भोलेनाथ और मां पार्वती की कृपा से समस्त जगत का कल्याण हो, यही प्रार्थना है।’

 

रिपोर्ट- कपिलदेव सिंह ( वरिष्ठपत्रकार)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »