AMETHI NEWS : अमेठी में इंटरसिटी एक्सप्रेस पर पथराव के मामले में दो गिरफ्तार
1 min read
रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
जीआरपी प्रतापगढ ने अमेठी निवासी दो आरोपियों को किया गिरफ्तार
प्रतापगढ़। वाराणसी से लखनऊ जा रही इंटरसिटी एक्सप्रेस (ट्रेन संख्या 24203) पर अमेठी रेलवे स्टेशन आउटर पर पथराव करने वाले दो आरोपियों को जीआरपी प्रतापगढ़ ने गिरफ्तार कर लिया है। यह घटना 20 अक्टूबर को अमेठी रेलवे स्टेशन के आउटर पर हुई थी, जब अज्ञात उपद्रवियों ने ट्रेन पर पथराव किया था। इस हमले में ट्रेन मैनेजर हरिकेश कुमार घायल हो गए थे।
मामले की गंभीरता को देखते हुए पुलिस उपाधीक्षक रेलवे प्रथम अमित कुमार सिंह और जीआरपी प्रतापगढ प्रभारी निरीक्षक चंचल कुमार सिंह के नेतृत्व में एक टीम का गठन किया गया था। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए रविवार को प्रतापगढ़ रेलवे स्टेशन के वाराणसी छोर से दोनों आरोपियों को धर दबोचा।
गिरफ्तार किए गए आरोपियों की पहचान अनुभव सरोज (19 वर्ष) और गणेश सरोज (20 वर्ष) के रूप में हुई है, जो मूल रूप से जनपद अमेठी के थाना कोतवाली क्षेत्र अंतर्गत रायदेपुर के रहने वाले हैं।

पुलिस के अनुसार, दोनों आरोपियों का पहले से भी आपराधिक इतिहास रहा है। रेलवे पुलिस ने रेलवे अधिनियम की धारा 152 के तहत मुकदमा दर्ज कर दोनों आरोपियों को न्यायिक हिरासत में भेज दिया है और यात्रियों की सुरक्षा सुनिश्चित करने के लिए आगे की सख्त कार्रवाई की जा रही है।



