Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

POLITICLE NEWS : चुनाव आयोग पर आरोप विपक्ष की हताशा का परिणाम – सुधांशु शुक्ला

1 min read
Spread the love

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

जनादेश स्वीकार करे कांग्रेस, संवैधानिक संस्थाओं को बदनाम करना बंद करे विपक्ष

 अमेठी, उप्र ।

भारतीय जनता पार्टी के जिला मुख्यालय गौरीगंज में आयोजित प्रेस कॉन्फ्रेंस में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस एवं विपक्ष द्वारा निर्वाचन आयोग को लेकर लगाए जा रहे आरोपों पर तीखा हमला बोला। उन्होंने कहा कि लगातार राजनीतिक पराजय से हताश विपक्ष अपनी नाकामियों का ठीकरा संवैधानिक संस्थाओं पर फोड़ने की कोशिश कर रहा है।

सुधांशु शुक्ला ने कहा कि कांग्रेस को चुनाव आयोग पर आरोप लगाने से पहले अपनी राजनीतिक और संगठनात्मक कमजोरी पर आत्मचिंतन करना चाहिए। जनता के बीच समर्थन न मिलने की निराशा को संवैधानिक संस्थाओं पर आरोप लगाकर नहीं छिपाया जा सकता। लोकतंत्र में हार-जीत जनादेश का हिस्सा है और विपक्ष को जनादेश का सम्मान करना सीखना चाहिए।

उन्होंने कहा कि जब भी कांग्रेस और उसके सहयोगी दल चुनावी मैदान में अपेक्षित परिणाम हासिल नहीं कर पाते हैं, तो ईवीएम, मतदाता सूची और निर्वाचन प्रक्रिया से लेकर चुनाव आयोग तक पर सवाल खड़े करने लगते हैं। बिना ठोस तथ्य के आरोप लगाकर जनता के मन में भ्रम पैदा करना लोकतंत्र और संवैधानिक व्यवस्था दोनों के लिए उचित नहीं है।

भाजपा जिलाध्यक्ष ने कहा कि निर्वाचन आयोग जैसी संवैधानिक संस्था पर लगातार राजनीतिक हमले करना विपक्ष की हताशा को दर्शाता है। राजनीतिक असहमति लोकतंत्र का अधिकार है, लेकिन संवैधानिक संस्थाओं को राजनीतिक हथियार बनाकर कठघरे में खड़ा करना लोकतांत्रिक मर्यादाओं के विपरीत है।

उन्होंने कांग्रेस नेतृत्व के पूर्व के बयानों का उल्लेख करते हुए कहा कि राफेल सौदे, बालाकोट एयर स्ट्राइक, तवांग सहित विभिन्न राष्ट्रीय एवं संवैधानिक विषयों पर कांग्रेस नेताओं द्वारा लगाए गए आरोपों और बयानों पर भी देश में व्यापक बहस हुई है। उन्होंने कहा कि कांग्रेस को अब आरोप-प्रत्यारोप की राजनीति से बाहर निकलकर तथ्यों और जिम्मेदार लोकतांत्रिक विमर्श की ओर लौटना चाहिए।

सुधांशु शुक्ला ने कहा कि जनता सब देख रही है और हर चुनाव में अपना निर्णय सुना रही है। राजनीतिक दलों को चाहिए कि वे जनादेश को स्वीकार करें, जनता के बीच अपनी नीतियों और कार्यक्रमों के साथ जाएं तथा संवैधानिक संस्थाओं की गरिमा बनाए रखें।

उन्होंने कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दलों को संवैधानिक संस्थाओं पर लगाए जा रहे आरोपों के संबंध में देश की जनता के सामने तथ्य रखने चाहिए। झूठे एवं भ्रामक प्रचार से न चुनाव जीते जाते हैं और न जनता का विश्वास हासिल किया जा सकता है।

 

भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने बताया कि प्रेस कॉन्फ्रेंस में मुसाफिरखाना नगर पंचायत अध्यक्ष बृजेश अग्रहरि ‘गुड्डू’, भाजपा जिला उपाध्यक्ष राजेंद्र पासी सहित पार्टी के पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »