Agriculture Department : कम वर्षा वाले जनपदों को समय पर मिले बिजली व पानी- कृषि मंत्री
1 min read


REPORT BY LOK REPORTER
LUCKNOW NEWS।
प्रदेश के कृषि मंत्री सूर्य प्रताप शाही द्वारा विधान भवन स्थित अपने कार्यालय कक्ष में प्रदेश के सभी जनपदों में हो रही वर्षा की स्थिति की समीक्षा की गई तथा कम वर्षा वाले जनपदों में खरीफ की बुआई सुचारू रूप से हो सके इसके लिए सिंचाई तथा विद्युत विभाग के अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
कृषि मंत्री श्री शाही ने बताया कि प्रदेश के 12 जिलों मे सामान्य वर्षा 190.4 मिमी के सापेक्ष 199.9 मिमी वर्षा हुई है। 28 जनपदों में 120 प्रतिशत से अधिक वर्षा हुई है जबकि 85 जनपदों में 80 से 120 प्रतिशत, 16 जनपदों में 60 से 80 प्रतिशत वर्षा हुई है।
07 जनपदों में 40 से 60 प्रतिशत तथा 09 जनपदों में 40 प्रतिशत से कम वर्षा हुई है। सबसे कम वर्षा वाले इन 09 जनपदों में शामिल हैं-संतकबीरनगर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, अंबेडकरनगर, जौनपुर, गौतमबुद्धनगर, कुशीनगर तथा देवरिया। उन्होंने बताया कि सबसे कम वर्षा देवरिया जनपद में हुई है।
कम वर्षा के कारण किसानों को खरीफ बुआई में कोई व्यवधान न हो इसके लिए उन्होंने मुख्य अभियंता सिंचाई को निर्देशित किया कि कम वर्षा वाले उक्त जनपदों में सिंचाई के लिए पर्याप्त जल की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। साथ ही उन्होंने विद्युत विभाग के मुख्य अभियंता को भी निर्देशित किया कि किसानों को सिंचाई हेतु समय पर समुचित मात्रा में विद्युत सप्लाई की जाए। उक्त जानकारी डॉ मनोज चंद्रा ने दी है।

