AIR SHOW : विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में दिखा वायुसेना का शौर्य, केशव मौर्य बोले- यह मोदी का भारत है
1 min read
रिपोर्ट -लोक दस्तक संवाददाता
राफेल, सुखोई, तेजस और प्रचंड के प्रदर्शन ने दर्शकों में भरा उत्साह, आत्मनिर्भर भारत की रक्षा शक्ति का हुआ प्रदर्शन
वाराणसी/लखनऊ। वाराणसी के नमो घाट पर भारतीय वायुसेना की 94वीं वर्षगांठ के अवसर पर आयोजित ‘विंग्स ओवर गंगा’ एयर शो में लड़ाकू विमानों और हेलीकॉप्टरों के रोमांचक प्रदर्शन ने लोगों का ध्यान आकर्षित किया। कार्यक्रम में उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने सहभागिता करते हुए भारतीय वायुसेना के शौर्य, साहस और सामरिक क्षमता की सराहना की।

केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि गंगा के ऊपर आयोजित यह भव्य एयर शो भारत की सैन्य शक्ति, तकनीकी दक्षता और आत्मविश्वास का प्रतीक है। उन्होंने कहा, “यह मोदी का भारत है, जो जल, थल और नभ तीनों क्षेत्रों में देश की सुरक्षा और संप्रभुता की रक्षा करने में सक्षम है।”
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के संसदीय क्षेत्र काशी में भारतीय वायुसेना का यह प्रदर्शन देश के लिए गौरव का विषय है। इस तरह के आयोजन युवाओं में राष्ट्रसेवा, अनुशासन और देश की रक्षा के प्रति समर्पण की भावना मजबूत करते हैं।

उप मुख्यमंत्री ने कहा कि केंद्र सरकार के नेतृत्व में देश की रक्षा क्षमताओं को लगातार मजबूत किया जा रहा है। आत्मनिर्भर भारत और मेक इन इंडिया जैसी पहलों से स्वदेशी रक्षा उपकरणों के निर्माण तथा आधुनिक सैन्य तकनीक के विकास को बढ़ावा मिला है।
उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश भी रक्षा क्षेत्र में अपनी भूमिका मजबूत कर रहा है। प्रदेश में विकसित किए जा रहे डिफेंस इंडस्ट्रियल कॉरिडोर के माध्यम से रक्षा उपकरणों के निर्माण, निवेश और तकनीकी विकास को प्रोत्साहन मिलने के साथ युवाओं के लिए रोजगार के अवसर बढ़ाने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं।
एयर शो के दौरान राफेल, सुखोई-30 एमकेआई, तेजस और प्रचंड सहित विभिन्न विमानों ने अपनी हवाई क्षमताओं का प्रदर्शन किया। सूर्य किरण एरोबैटिक टीम और सारंग हेलीकॉप्टर डिस्प्ले टीम के करतबों ने दर्शकों को रोमांचित किया। कार्यक्रम के माध्यम से भारतीय वायुसेना की दक्षता और देश की रक्षा तैयारियों की झलक देखने को मिली।
कार्यक्रम में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, केंद्रीय रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, केंद्रीय राज्य मंत्री संजय सेठ, उत्तर प्रदेश की राज्यपाल आनंदीबेन पटेल, मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ, भाजपा प्रदेश अध्यक्ष एवं केंद्रीय राज्य मंत्री पंकज चौधरी, उप मुख्यमंत्री ब्रजेश पाठक, एयर चीफ मार्शल ए. पी. सिंह सहित विभिन्न जनप्रतिनिधि और गणमान्य लोग उपस्थित रहे।



