यूपी में योगी का बुलडोजर गरीबों को कुचल रहा है – संजय सिंह
1 min read

लखनऊ ब्यूरो ।
कानपुर देहात में मां-बेटी की जलकर मौत हो जाने से दुखी आम आदमी पार्टी के यूपी प्रभारी, सांसद संजय सिंह ने महाशिवरात्रि पर्व पर लखनऊ में गोमती नगर स्थित पार्टी के प्रदेश कार्यालय पर “बुलडोजर आहुति यज्ञ” किया और योगी आदित्यनाथ की सरकार को सद्बुद्धि देने के लिए प्रार्थना किया।
इस मौके पर पार्टी के निकाय चुनाव प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत सिंह, सूरज प्रधान, ब्रज कुमारी सिंह, सरबजीत सिंह मक्कड़, रोहित श्रीवास्तव, शेखर दीक्षित, महेंद्र सिंह,वंशराज दुबे,अंकित परिहार, सुभाषनी मिश्रा,अजय गुप्ता सहित कई पदाधिकारी और दर्जनों कार्यकर्ता मौजूद रहे I
प्रेस वार्ता के दौरान सांसद संजय सिंह ने कहा कि कानपुर देहात की घटना हिंदुस्तान की घटना है न कि तालिबान की।उन्होंने कहा कि भाजपा तालिबान के नक्शे कदम पर चल रही है। सांसद संजय सिंह ने बताया कि वह पीड़ित परिवार से मिलने उनके पास गए जहां मृतका प्रमिला देवी के बेटे शिवम दीक्षित ने पूरी घटना की जानकारी दी।
संजय सिंह ने कहा कि शिवम दीक्षित के दिए गए बयान के अनुसार पहले शासन प्रशासन की मौजूदगी में बुलडोजर से उनका पक्का मकान गिरा दिया गया।दुखद है कि उनके मकान के पास ही भगवान शिव का मंदिर भी गिरा दिया गया।फिर जब पीड़ित परिवार जिलाधिकारी के पास पहुंचा और घटना की जानकारी दी तो वहां से भी कोई कार्यवाही नहीं की गई।
हर तरफ से निराशा हाथ लगने पर प्रमिला देवी के परिवार ने घटनास्थल के पास ही एक झोपड़ी बना ली जिसको रात में आग लगाकर जला दिया गया। और इसी कृत्य में प्रमिला देवी और उनकी पुत्री की जलकर मौत हो गई।
आम आदमी पार्टी के सांसद संजय सिंह ने यह भी कहा कि क्या मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ किसी के भी घर को असंवैधानिक रूप से गिरवा देंगे ? योगी आदित्यनाथ बाबा बुलडोजर कहे जाने पर गर्व करते हैं।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि जब इस घटना ने तूल पकड़ा तब सरकार कह रही है कि प्रशासन इसकी जांच करेगा। लेकिन हम कहते हैं कि झोपड़ी में आग लगाने वाले प्रशासनिक लोग थे। इसलिए कभी भी चोर चोर की जांच नहीं करता। हत्यारा हत्यारे की जांच नहीं करता। प्रशासन प्रशासन की जांच नहीं कर सकता।
इसलिए आम आदमी पार्टी की मांग है कि उच्च न्यायालय की निगरानी में सीबीआई इस केस की जांच करे। इसी के साथ संजय सिंह ने मांग की है कि पीड़ित परिवार को पक्का मकान बना कर दिया जाए। उसे एक करोड़ रुपए का मुआवजा दिया जाए साथ-साथ दोनों बेटों को सरकारी नौकरी दी जाए।
बुलडोजर किसी का सगा नहीं और न ही किसी वर्ग विशेष, धर्म विशेष के लिए हमदर्दी रखता
भाजपा के पदाधिकारियों और मंत्रियों के कब्जा किए मकानों ,प्लाटों पर क्यों नहीं चलाया जा रहा बुलडोजर?
सांसद संजय सिंह ने कहा कि यह बुलडोजर किसी का सगा नहीं है। और ना ही किसी वर्ग विशेष या धर्म विशेष के लिए हमदर्दी रखता है। उन्होंने कहा कि बुलडोजर बाबा ने हरदोई में कैंसर पीड़ित व्यक्ति की चक्की बुलडोजर से नेस्तनाबूद करवा डाली। संजय सिंह ने कहा कि अगर बात न्याय की हो तो हरियाणा में भाजपा के मित्र अडानी को कितनी जमीन फर्जी में दी गई, लेकिन वहां क्यों नहीं बुलडोजर चलाया जाता। या उत्तर प्रदेश में भाजपा के पदाधिकारियों और मंत्रियों के फर्जी कागजात के आधार पर कब्जा किए हुए मकानों और प्लाटों पर क्यों बुलडोजर नहीं चलाया जा रहा?
रविवार को यू पी के हर जिले में “बुलडोजर आहुति यज्ञ” करेगी आप पार्टी
सांसद संजय सिंह ने कहा कि इस बुलडोजर सरकार के खिलाफ आम आदमी पार्टी संघर्ष करने के लिए पूरी तरह से तैयार है।जिसकी शुरुआत हम आज इसी पार्टी कार्यालय से करेंगे। जिसमें एक कृत्रिम बुलडोजर को जलाकर बुलडोजर आहुति यज्ञ की शुरुआत कर रहे हैं।
सांसद संजय सिंह ने कहा कि कल रविवार से उत्तर प्रदेश के हर जिले में बुलडोजर आहुति यज्ञ की शुरुआत की जाएगी। इसके माध्यम से आम आदमी पार्टी जनता को यह संदेश देगी कि अब यह बुलडोजर असंवैधानिक रूप से किसी गरीब, बेबस और लाचार को परेशान नहीं कर सकता। उनकी छाती पर चढ़कर उनका आशियाना नहीं उजाड़ सकता। संजय सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाते हुए कहा कि आखिर क्यों उन्होंने तालिबान को फंडिंग की है ?
क्या वह भारत में हिंसा फैलाना चाहते हैं। उन्होंने कहा कि भाजपा देश में एकता और अखंडता के लिए सबसे बड़ा खतरा बनकर उभर रही है। जिसको समय रहते देशवासियों को पहचानना होगा।