SPECIAL NEWS : डीएम ने संभाली शिक्षक की भूमिका, छात्राओं से पूछे गणित और अंग्रेजी के सवाल
1 min read
लोक दस्तक संवाददाता
कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय भेटुआ का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण। छात्राओं से गणित एवं अंग्रेजी विषय के पूछे सवाल, शैक्षिक गुणवत्ता पर दिया विशेष जोर
छात्राओं के खानपान, आवास, स्वच्छता, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का लिया जायजा, मेन्यू के अनुसार गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराने के निर्देश
अमेठी, उप्र ।
जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कस्तूरबा गांधी आवासीय बालिका विद्यालय, भेटुआ का स्थलीय निरीक्षण कर वहां संचालित शैक्षणिक एवं आवासीय व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने छात्राओं से सीधे संवाद कर उनकी पढ़ाई, रहने, खाने-पीने एवं विद्यालय में उपलब्ध अन्य सुविधाओं की जानकारी प्राप्त की। साथ ही संबंधित अधिकारियों एवं शिक्षकों को व्यवस्थाओं को और बेहतर बनाने तथा छात्राओं को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा उपलब्ध कराने के निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने कक्षा 9 एवं 10 में पहुंचकर छात्राओं से संवाद किया और उनकी शैक्षणिक दक्षता परखने के लिए गणित के सवाल पूछे। इसके साथ ही अंग्रेजी विषय में प्रार्थना पत्र लिखने के संबंध में भी जानकारी ली। उन्होंने छात्राओं को मन लगाकर पढ़ाई करने के लिए प्रेरित करते हुए कहा कि शिक्षा के माध्यम से ही बेहतर भविष्य का निर्माण संभव है। इसके उपरांत उन्होंने विद्यालय की लाइब्रेरी का निरीक्षण किया तथा छात्राओं में पठन-पाठन की रुचि विकसित करने और पुस्तकालय का नियमित उपयोग सुनिश्चित कराने के निर्देश दिए।
इसके बाद जिलाधिकारी ने विद्यालय के आवासीय परिसर का निरीक्षण कर छात्राओं को उपलब्ध कराई जा रही मूलभूत सुविधाओं का जायजा लिया। उन्होंने रसोईघर का निरीक्षण करते हुए भोजन की गुणवत्ता एवं साफ-सफाई की व्यवस्था देखी। संबंधित कर्मचारियों को निर्देशित किया कि निर्धारित मेन्यू के अनुसार छात्राओं को पौष्टिक एवं गुणवत्तापूर्ण भोजन उपलब्ध कराया जाए। भोजन तैयार करने में स्वच्छता के मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए।
उन्होंने पेयजल व्यवस्था का भी निरीक्षण किया तथा छात्राओं को स्वच्छ पेयजल उपलब्ध कराने के निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने छात्राओं के शयनकक्षों का निरीक्षण कर वहां उपलब्ध व्यवस्थाओं को देखा। इस दौरान विद्यालय की वार्डन पूनम सिंह ने छात्राओं की सुविधा के दृष्टिगत एक अतिरिक्त शौचालय निर्माण की आवश्यकता से जिलाधिकारी को अवगत कराया। इस पर जिलाधिकारी ने जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी को आवश्यक आगणन तैयार कराकर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए, ताकि छात्राओं को बेहतर एवं सुविधाजनक आवासीय व्यवस्था उपलब्ध कराई जा सके।
निरीक्षण के क्रम में जिलाधिकारी ने कंप्यूटर लैब का भी अवलोकन किया। इस दौरान सभी कंप्यूटर संचालित अवस्था में पाए गए। विद्यालय में निर्धारित कंप्यूटर पीरियड के दौरान छात्राओं को कंप्यूटर का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिए जाने की जानकारी दी गई। कंप्यूटर लैब में स्मार्ट टीवी की सुविधा भी उपलब्ध पाई गई। इसके अतिरिक्त उन्होंने छात्राओं के लिए संचालित खेलकूद एवं अन्य सह-शैक्षणिक गतिविधियों के संबंध में जानकारी प्राप्त की और इनके नियमित आयोजन पर जोर दिया। निरीक्षण के दौरान विद्यालय में व्यवस्थाएं संतोषजनक पाई गईं।
जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों एवं विद्यालय प्रशासन को निर्देशित किया कि छात्राओं की शिक्षा की गुणवत्ता पर विशेष ध्यान दिया जाए। साथ ही विद्यालय परिसर में नियमित साफ-सफाई, बेहतर खानपान, स्वच्छ पेयजल, आवासीय सुविधाओं एवं खेलकूद सहित सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुचारु रूप से संचालित रखी जाएं। उन्होंने कहा कि आवासीय विद्यालयों में अध्ययनरत छात्राओं को सुरक्षित, स्वच्छ एवं अनुकूल शैक्षणिक वातावरण उपलब्ध कराना प्राथमिकता होनी चाहिए, जिससे वे शिक्षा के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन कर सकें।
निरीक्षण के दौरान जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी संजय तिवारी, खंड शिक्षा अधिकारी भेटुआ सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।



