Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

CM Mass Wedding : मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के तहत अमेठी में 100 जोड़ों का विवाह संपन्न

1 min read
Spread the love

 

लोक दस्तक संवाददाता 

आयोजित हुआ सामूहिक विवाह समारोह, 97 जोड़ों ने हिंदू और 3 जोड़ों ने मुस्लिम रीति-रिवाज से किया विवाह।

योजना के तहत प्रत्येक जोड़े पर एक लाख रुपये की सहायता, नवविवाहितों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री प्रदान की गई

अमेठी, उप्र ।

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी योजना मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत जनपद अमेठी में सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन देव मैरिज लॉन, शिवनगर, ककवा रोड में किया गया। समारोह में भादर, भेंटुआ एवं अमेठी विकासखंड तथा नगर पंचायत अमेठी के कुल 100 जोड़ों का विवाह विधि-विधान एवं धार्मिक परंपराओं के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें 97 जोड़ों का विवाह हिंदू रीति-रिवाज से तथा तीन जोड़ों का विवाह मुस्लिम रीति-रिवाज से कराया गया।

कार्यक्रम में विकासखंड भादर के 36, भेंटुआ के 25, अमेठी के 34 तथा नगर पंचायत अमेठी के पांच जोड़े शामिल हुए। सामूहिक विवाह समारोह में नवदंपतियों एवं उनके परिजनों में उत्साह का माहौल रहा। कार्यक्रम के दौरान नवविवाहित जोड़ों को विवाह प्रमाण पत्र एवं उपहार सामग्री प्रदान की गई तथा उनके सुखद वैवाहिक जीवन के लिए शुभकामनाएं दी गईं।

कार्यक्रम में भाजपा जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला सहित संबंधित अधिकारियों ने नवविवाहित जोड़ों को शुभकामनाएं एवं आशीर्वाद दिया। उन्होंने नवदंपतियों के सुखमय एवं सफल वैवाहिक जीवन की कामना की। जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र जोड़ों का विवाह सामूहिक रूप से संपन्न कराया जाता है।

योजना का उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को बेटियों के विवाह में सहायता प्रदान करना तथा विवाह संबंधी आर्थिक बोझ को कम करना है। उन्होंने बताया कि योजना के तहत प्रत्येक जोड़े के लिए कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें 64,000 रुपये कन्या के बैंक खाते में हस्तांतरित किए जाते हैं, 21,000 रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15,000 रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।

मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को उनकी धार्मिक परंपराओं के अनुरूप विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। सामूहिक आयोजन से जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता मिलने के साथ ही सामाजिक सहयोग एवं समरसता को भी बढ़ावा मिलता है।

कार्यक्रम में डीसी मनरेगा शेर बहादुर, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी विकास मौर्या, संबंधित विकासखंडों के खंड विकास अधिकारी एवं अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

 

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »