CRIME NEWS : पुलिस ने किया तीन चोरियों का खुलासा, सात आरोपी गिरफ्तार
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र ।
जिले में अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ‘ऑपरेशन चक्रव्यूह’ के तहत भाले सुल्तान शहीद स्मारक थाना पुलिस और स्वाट/सर्विलांस टीम ने तीन चोरी की घटनाओं का खुलासा करते हुए सात आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से चोरी के 22 बंडल तार, 80 हजार रुपये नकद, वारदात में प्रयुक्त पिकअप वाहन और चोरी में इस्तेमाल होने वाले उपकरण बरामद किए हैं।
पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में यह कार्रवाई क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह की निगरानी में की गई। गिरफ्तार सभी आरोपी सुल्तानपुर जिले के विभिन्न थाना क्षेत्रों के निवासी हैं। इनमें शिवपूजन निषाद, सुशील निषाद, प्रेमलाल निषाद, अनिल निषाद, विश्राम निषाद उर्फ किन्ने, कौशलदीप निषाद और राजेश निषाद शामिल हैं।
पुलिस के अनुसार, पूछताछ में आरोपियों ने नेवादा स्थित सोलर प्लांट से 29 सितंबर और 2 अक्टूबर की रात तार चोरी करने की बात स्वीकार की। आरोप है कि चोरी किए गए तार का प्लास्टिक जलाकर तांबा निकाला गया और उसे कबाड़ी को 80 हजार रुपये में बेच दिया गया। इसके अलावा मार्च महीने में जामो-वारिसगंज मार्ग पर लगे ट्रांसफार्मर से बाइंडिंग तार चोरी करने की घटना में भी उनकी संलिप्तता सामने आई है।
पुलिस ने आरोपियों के पास से तार काटने के उपकरण, प्लास, पेचकस, छेनी, आरी ब्लेड और 11 रिंच सहित अन्य सामान बरामद किया है। संबंधित थानों में दर्ज मुकदमों के तहत आगे की विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई पर पुलिस अधीक्षक ने पुलिस टीम को 15 हजार रुपये का नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

