BOLLYWOOD UPDATE : नहीं रहे बॉलीवुड के मशहूर चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान…!
1 min read


रिपोर्ट – काली दास पाण्डेय
मुंबई, महाराष्ट्र ।
‘वेलकम’ और ‘आशिकी’ जैसी फिल्मों में अपने अभिनय से पहचान बनाने वाले चरित्र अभिनेता मुश्ताक खान का 56 साल की उम्र में निधन हो गया है। वे पिछले करीब 15 दिनों से मुंबई के नानावती अस्पताल में भर्ती थे, जहां उन्होंने आज 24 सितंबर को अंतिम सांस ली।
मध्य प्रदेश के बालाघाट जिले के बैहर कस्बे में जन्मे मुश्ताक खान ने अपने करियर की शुरुआत थिएटर से की थी। साल 1980 में फिल्म ‘थोड़ी सी बेवफाई’ और ‘अल्बर्ट पिंटो को गुस्सा क्यों आता है’ से उन्होंने हिंदी सिनेमा में कदम रखा।
अपने चार दशक से अधिक लंबे अभिनय करियर में उन्होंने 250 से ज्यादा फिल्मों में अभिनय किया। फिल्मों के साथ-साथ उन्होंने छोटे पर्दे पर ‘अदालत’, ‘चाचा चौधरी’, ‘टेढ़े-मेढ़े सपने’ और ‘कुछ रंग प्यार के ऐसे भी’ जैसे लोकप्रिय धारावाहिकों में भी काम किया। मुश्ताक खान ने अपने करियर में कई यादगार किरदार निभाए, जिनसे उन्हें घर-घर में पहचान मिली।
2007 में आई फिल्म ‘वेलकम’ में मजनू भाई (अनिल कपूर) के साथी ‘बल्लू’ के रोल से उन्हें काफी प्रसिद्धि मिली। इससे पहले 1993 की फिल्म ‘हम हैं राही प्यार के’ में दक्षिण भारतीय लहजे वाले ‘भगवती प्रसाद मिश्रा’ और 1990 की ब्लॉकबस्टर ‘आशिकी’ में दर्जी ‘रफू मास्टर’ का उनका किरदार काफी चर्चित रहा।
इसके अलावा फिल्म ‘मुझसे शादी करोगी’ में ‘चुटकी बाबा’, ‘गदर: एक प्रेम कथा’ में ‘गुल खान’ और ‘दिल है कि मानता नहीं’ में बस कंडक्टर के रोल में भी उनकी अदाकारी को बहुत सराहा गया था।

