Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

39 साल बाद फिर साथ नजर आएंगे अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया, फिल्म ‘नोटिस’ का 6 नवंबर को होगा डिजिटल प्रीमियर:

1 min read
Spread the love

रामायण की आइकॉनिक जोड़ी एक बार फिर साझा करेगी स्क्रीन, Waves OTT पर दोपहर 12 बजे रिलीज होगी सामाजिक विषय पर आधारित फिल्म

  • लोक दस्तक | मनोरंजन डेस्क

मुंबई। रामानंद सागर के ऐतिहासिक धारावाहिक ‘रामायण’ के जरिए करोड़ों दर्शकों के दिलों में खास पहचान बनाने वाली आइकॉनिक जोड़ी अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया लगभग 39 साल बाद एक बार फिर बड़े पर्दे पर साथ नजर आने जा रही है। दोनों कलाकार एपीएस एंटरटेनमेंट प्रोडक्शन के बैनर तले निर्मित फिल्म ‘नोटिस’ में एक साथ स्क्रीन साझा करेंगे। निर्माता आदित्य प्रताप सिंह रघुवंशी की इस फिल्म का निर्देशन प्रदीप गुप्ता ने किया है।

फिल्म ‘नोटिस’ आगामी 6 नवंबर 2026 को दोपहर 12 बजे ‘Waves OTT’ प्लेटफॉर्म पर स्ट्रीम की जाएगी। इसके डिजिटल प्रीमियर के बाद फिल्म का प्रसारण 36 प्रमुख सैटेलाइट टीवी चैनलों पर भी चरणबद्ध तरीके से किया जाएगा। फिल्म की कहानी और पटकथा आदित्य रघुवंशी एवं उनकी टीम ने तैयार की है।

फिल्म की पृष्ठभूमि बेहद संवेदनशील और यथार्थवादी सामाजिक विषय पर आधारित है। इसकी कहानी एक मध्यमवर्गीय परिवार और उसकी लगभग 150 साल पुरानी पैतृक दुकान के इर्द-गिर्द घूमती है। कहानी में उस समय संघर्ष की स्थिति पैदा होती है, जब प्रशासनिक मिलीभगत और सरकारी तंत्र की ओर से दुकान खाली कराने के लिए परिवार को ‘नोटिस’ थमा दिया जाता है।

इसके बाद एक आम नागरिक और उसका पूरा परिवार व्यवस्था की कथित तानाशाही के सामने घुटने टेकने के बजाय सत्य और न्याय के लिए किस तरह मजबूती से खड़ा होता है, इसी संघर्ष को फिल्म में प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया गया है। फिल्म का केंद्रीय संदेश अन्याय के विरुद्ध आवाज उठाने और सत्य के पक्ष में डटे रहने की प्रेरणा देता है।

फिल्म का सशक्त ध्येय वाक्य है— “सत्य का एकमात्र सत्य है कि वो सत्य है।

‘रामायण’ की लोकप्रिय जोड़ी अरुण गोविल और दीपिका चिखलिया को लगभग चार दशक बाद एक साथ देखने का अवसर दर्शकों के लिए खास आकर्षण होगा। वहीं, सामाजिक सरोकारों और गंभीर विषयों पर आधारित सिनेमा पसंद करने वाले दर्शकों के लिए ‘नोटिस’ एक विचारोत्तेजक और मार्मिक फिल्म साबित हो सकती है।

प्रस्तुति : काली दास पाण्डेय

प्रमुख खबरे

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »