Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

Tiranga Yatra : हर घर तिरंगा अभियान के अंतर्गत छात्र-छात्राओं ने निकाली भव्य तिरंगा रैली

1 min read
Spread the love

रिपोर्ट – लोकदस्तक संवाददाता 

अमेठी।

आजादी के अमृत महोत्सव की भावना को जन-जन तक पहुंचाने तथा राष्ट्र के प्रति सम्मान और गौरव की भावना को सुदृढ़ करने के उद्देश्य से संचालित “हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपद अमेठी के विभिन्न माध्यमिक विद्यालयों में छात्र-छात्राओं द्वारा भव्य तिरंगा रैलियों का आयोजन किया गया।

हाथों में राष्ट्रध्वज लिए छात्र-छात्राओं ने पूरे उत्साह और देशभक्ति के साथ रैली में प्रतिभाग किया तथा देशभक्ति से ओत-प्रोत नारों के माध्यम से लोगों को राष्ट्रध्वज के सम्मान और स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के बलिदान की याद दिलाई। रैली के दौरान विद्यार्थियों ने “वंदे मातरम्”, “भारत माता की जय”, “जय हिंद” तथा “हर घर तिरंगा, घर-घर तिरंगा” जैसे देशभक्ति नारों से वातावरण को गुंजायमान कर दिया।

छात्र-छात्राओं ने नगर एवं ग्रामीण क्षेत्रों में भ्रमण कर जनसामान्य से 13 से 15 अगस्त के मध्य अपने घरों, दुकानों, प्रतिष्ठानों एवं कार्यालयों पर सम्मानपूर्वक राष्ट्रीय ध्वज फहराने की अपील की। इस अवसर पर शिक्षकों एवं विद्यालय प्रशासन द्वारा विद्यार्थियों को राष्ट्रध्वज के महत्व, स्वतंत्रता आंदोलन के इतिहास तथा देश की आजादी के लिए अपने प्राणों की आहुति देने वाले महान स्वतंत्रता सेनानियों के योगदान के बारे में जानकारी दी गई।

विद्यार्थियों को बताया गया कि भारत की स्वतंत्रता लाखों देशभक्तों के त्याग, संघर्ष और बलिदान का परिणाम है, जिन्हें सदैव स्मरण रखना प्रत्येक नागरिक का कर्तव्य है। कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने देश के विकास, स्वच्छता, सामाजिक सद्भाव, राष्ट्रीय एकता और राष्ट्र निर्माण में अपनी सक्रिय भागीदारी का संकल्प भी लिया।

रैली के माध्यम से लोगों को यह संदेश दिया गया कि स्वतंत्रता दिवस केवल एक उत्सव नहीं, बल्कि राष्ट्र के प्रति अपने दायित्वों को याद करने और देशहित में योगदान देने का अवसर भी है।

जिलाधिकारी की अपील 

“हर घर तिरंगा” अभियान के अंतर्गत जनपदवासियों से जिलाधिकारी संजय चौहान ने अपील की गई है कि वे 13 से 15 अगस्त के मध्य अपने घरों एवं प्रतिष्ठानों पर सम्मानपूर्वक तिरंगा फहराकर राष्ट्र के प्रति अपनी श्रद्धा और सम्मान प्रकट करें तथा स्वतंत्रता सेनानियों के बलिदान को नमन करते हुए राष्ट्रीय एकता और देशभक्ति के इस महापर्व में सहभागिता सुनिश्चित करें।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »