POLITICLE NEWS : एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय को भावभीनी श्रद्धांजलि
1 min read

रिपोर्ट- लोकदस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र ।
भारतीय जनता पार्टी कार्यालय, गौरीगंज में भारतीय जनसंघ के संस्थापक एवं एकात्म मानववाद के प्रणेता पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी की पुण्यतिथि के अवसर पर श्रद्धांजलि सभा का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपस्थित पदाधिकारियों एवं कार्यकर्ताओं ने उनके चित्र पर पुष्प अर्पित कर विनम्र श्रद्धांजलि अर्पित की और उनके बताए मार्ग पर चलने का संकल्प लिया।
इस अवसर पर भाजपा ज़िलाध्यक्ष सुधांशू शुक्ला ने कहा कि पंडित दीनदयाल उपाध्याय जी का संपूर्ण जीवन राष्ट्र सेवा, सादगी, त्याग और समर्पण का प्रतीक रहा है। उनका एकात्म मानववाद का सिद्धांत समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास की किरण पहुंचाने की प्रेरणा देता है। उन्होंने कहा कि पंडित जी के विचार आज भी प्रासंगिक हैं और कार्यकर्ताओं के लिए मार्गदर्शक सिद्ध होते हैं।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम में पार्टी प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह,पूर्व मंडल अध्यक्ष संजय सिंह, संतोष द्विवेदी, चंद्रकेश यादव, मंडल अध्यक्ष संग्रामपुर राजेश शुक्ला, माधव द्विवेदी, आनंद यादव सहित अनेक कार्यकर्ताओं ने पंडित जी को श्रद्धासुमन अर्पित किए। उपस्थित सभी कार्यकर्ताओं ने उनके आदर्शों को जन-जन तक पहुंचाने और राष्ट्रहित में निरंतर कार्य करने का संकल्प दोहराया।

