Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

स्वस्थ और समर्थ भारत की नींव है राष्ट्रीय पोषण अभियान- मुख्यमंत्री

1 min read

REPORT-KAPIL DEV SINGH (UP HEAD)

LUCKNOW NEWS।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि राष्ट्रीय पोषण अभियान स्वस्थ और समर्थ भारत की नींव है। एक समय उत्तर प्रदेश में शराब माफिया पोषाहार की सप्लाई करता था।अब हमारी भाजपा सरकार में आज महिला स्वयं सेवी समूह आंगनबाड़ी केंद्रों तक पोषाहार पहुंचा रही हैं। इसी का नतीजा है कि नेशनल फैमली हेल्थ सर्वे में उत्तर प्रदेश ने लंबी छलांग लगाई है।

आंकड़े देखें तो 2015-16 के सापेक्ष उत्तर प्रदेश में 2019- 20 में एनीमिया में 5.1 प्रतिशत, बौनापन में 6.6 प्रतिशत, अल्प वजन में 7.4 प्रतिशत और सूखापन में 0.6 प्रतिशत का सुधार हुआ है।
लोकभवन में आयोजित राष्ट्रीय पोषण माह कार्यक्रम को मुख्यमंत्री योगी संबोधित कर रहे थे। उन्होंने कहा कि कुपोषण से लड़ने को बीते छह वर्षों में उत्तर प्रदेश में काफी कार्य हुए हैं।

उन्होंने कहा कि एक समय था जब इंसेफेलाइटिस से पूरे प्रदेश में प्रतिवर्ष 1200-1500 मौतें होती थीं। पूर्वी उत्तर प्रदेश इस बीमारी से काफी प्रभावित था। 1977 से लेकर 2017 तक यानी 30 वर्षों में उत्तरप्रदेश में लगभग 50 हजार बच्चे इस बीमारी की चपेट में आकर काल कलवित हो चुके थे।

मुख्यमंत्री योगी ने कहा कि यूपी में हमारी सरकार आने के बाद हमने केंद्र सरकार के साथ 2018 में अंतर्विभागीय समन्वय बनाकर इंसेफेलाइटिस के उन्मूलन का कार्य शुरू किया था। आज पूरे उत्तर प्रदेश से इंसेफेलाइटिस को समाप्त करने में हम सफल हुए हैं। उन्होंने कहा कि आज उत्तर प्रदेश में मातृ और शिशु मृत्यु दर में गिरावट आई है।

ऐसा इसलिए संभव हो पाया क्योंकि माताओं और शिशुओं को पोषण आहार मिलना शुरू हुआ। सीएम योगी ने कहा कि हमारी सरकार आंगनबाड़ी केंद्र, न्याय पंचायत और ब्लॉक स्तर पर स्वस्थ बालक और बालिका प्रतिस्पर्धा का आयोजन करेगी।

देश को स्वस्थ,साक्षर और समर्थ बनाना है
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के अमृत काल का यह प्रथम वर्ष है। भारत अनेक उपलब्धियों को लेकर चल रहा है। हम सबको 2027 तक भारत को दुनिया की तीसरी बड़ी अर्थव्यवस्था के रूप में स्थापित करना है।

उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी ने 2047 यानी जब देश आजादी का शताब्दी वर्ष मना रहा होगा, उस समय के लिए एक लक्ष्य निर्धारित किया है कि देश को विकसित भारत बनाना है। इसके लिए हमें देश को स्वस्थ, साक्षर और समर्थ बनाना है।

योगी ने गोदभराई की रस्म के साथ बच्चों का कराया अन्नप्राशन संस्कार
मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने प्रतीक स्वरूप कुछ गर्भवती महिलाओं को उपहार स्वरूप दवाएं और पौष्टिक खाद्य सामग्री भेंट किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप कुछ बच्चों को खीर खिलाकर उनका अन्नप्राशन संस्कार करवाया।

सीएम योगी ने ‘संभव’ अभियान के तहत कुपोषित से सुपोषित श्रेणी में आए तीन बच्चों के अभिभावकों को सम्मानित किया। उन्होंने प्रतीक स्वरूप चार आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों को यूनीफॉर्म के रूप में दो-दो साड़ी भी भेंट किया।

मुख्यमंत्री ने 155 करोड़ की लागत से 1,359 आंगनबाड़ी केन्द्रों का किया लोकार्पण और शिलान्यास

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने 155 करोड़ रुपये की लागत से 1,359 आंगनबाड़ी केन्द्रों का लोकार्पण और शिलान्यास किया।उन्होंने 50 करोड़ रुपये की लागत से 171 बाल विकास परियोजना कार्यालयों का भी शिलान्यास किया।

सीएम योगी ने 2.90 लाख आंगनबाड़ी कार्यकत्रियों और सहायिकाओं को यूनिफॉर्म (साड़ी) के लिए डीबीटी के माध्यम से ₹29 करोड़ की धनराशि का अंतरण किया।

कार्यक्रम में महिला कल्याण, बाल विकास एवं पुष्टाहार मंत्री बेबी रानी मौर्य, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग की राज्य मंत्री प्रतिभा शुक्ला, मुख्य सचिव दुर्गा शंकर मिश्र, कृषि उत्पादन आयुक्त मनोज कुमार सिंह, प्रमुख सचिव महिला एवं बाल विकास बीना कुमार समेत अन्य गणमान्य लोग मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »