Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

जय श्रीराम के उदघोष के साथ अयोध्या में राम लला के दर्शन को खोला गया राम जन्मभूमि पथ 

1 min read
Spread the love

लखनऊ/अयोध्या ब्यूरो।

भगवान रामलला के दर्शनार्थियों के लिए अयोध्या में आज से राम जन्म भूमि पथ को खोल दिया गया। लगभग 39 करोड़ रुपए की लागत से 566 मीटर लंबा और 100 फिट चौड़ा यह मार्ग पिंक शेड स्टोन्स से बहुत खूबसूरत बनाया गया है। यह नया मार्ग अत्याधुनिक लाइटिंग और अन्य सभी सुविधाओं से युक्त बहुत भव्य है। इस नए मार्ग से अब लगभग 1 लाख श्रद्धालु एक साथ राम लला के दर्शन पूजन के लिए मंदिर परिसर में प्रवेश कर सकेंगे।

इस नए मार्ग से जाने पर 500 मीटर दूरी कम हो जायेगी और दर्शनार्थियों को सुगमता से राम लला का दर्शन मिल सकेगा। रामलला के दर्शन मार्ग में यह बदलाव आज रविवार को दूसरी पाली के दर्शन के दौरान किया गया। राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने डेढ़ साल में बनकर तैयार इस राम जन्म भूमि पथ को राम लला के दर्शन पूजन के लिए जब खोला तो श्रद्धालुओं ने जय श्रीराम के उदघोष के साथ राम मंदिर परिसर में प्रवेश किया।

पुराने दर्शन मार्ग में बदलाव होने पर दर्शनार्थी अब नए श्री राम जन्म भूमि पथ मार्ग से होकर रामलला का दर्शन करने जा रहे हैं। रामलला का यह नया दर्शन मार्ग राम जन्मभूमि पथ बिरला धर्मशाला के सामने से सीधे रामलला दरबार तक पहुंचने वाला सबसे नजदीक और सुविधाजनक मार्ग है। इस मार्ग पर श्रद्धालुओं के लिए निशुल्क पेयजल वाटर कियोस्क , फ्री लॉकर, स्टोन बेंच,सौंदर्य प्रसाधन, विश्राम और चिकित्सा आदि की अच्छी सुविधाएं उपलब्ध करवाई गई हैं।

शुभारंभ के अवसर पर इस रामजन्म भूमि पथ के भव्य मार्ग को सुंदर खुशबूदार फूलों से सजाया गया है। इस मार्ग पर पर्याप्त रोशनी की भी व्यवस्था की गई है। पिंक शेड्स स्टोन से यह मार्ग बेहद खूबसूरत बनाया गया है। इसकी चौड़ाई लगभग 100 फिट रखी गई है। नया सुगम दर्शन मार्ग खुल जाने पर अब राम जन्म भूमि जाने वाले पुराने मार्ग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की सरकार अयोध्या को अत्याधुनिक सुविधाओं से सुसज्जित धर्म नगरी और इंटरनेशनल पर्यटन स्थल बनाने के लिए समग्र रूप से विकसित कर रही है। सप्त पुरियों में एक अयोध्या के विकास के लिए लगभग 32 हजार करोड़ से अधिक की परियोजनाएं एक साथ यहां चल रही है।

अत्याधुनिक तकनीक वाली लाइटों से सुसज्जित जन्मभूमि पर एक साइड पत्थरों को लगाया जा रहा है। जन्मभूमि पथ को योगी सरकार ने अयोध्या के गरिमा के अनुरूप तैयार कराया है। इस मार्ग पर पर्याप्त उजाला रहे, इसके लिए दो तरह की लाइटों को इंस्टाल किया जा रहा है। पथ के बीच में ऊंचे लैंप लगाए गए हैं। मार्ग पर सुन्दर डिजाइनर और आकर्षक पोल भी लगाए गए हैं।

इस नए मार्ग पर श्रद्धालुओं और पर्यटक यात्रियों की सुविधा के लिए स्टोन बेन्च, वाटर कियोस्क एवं प्रसाधन की व्यवस्था स्थापित की जा रही है। इस मार्ग पर बिजली के तार ऊपर नहीं दिखाई देंगे और भविष्य में इस मार्ग को बार-बार खोदने की आवश्यकता भी नहीं होगी। यह मार्ग भविष्य में दर्शनार्थियों की भारी संख्या बढ़ने और विशेष सुविधाओं को ध्यान में रखते हुए बनाया गया है।

श्रीराम जन्मभूमि पथ के शुभारंभ पर विशिष्ट जन रहे मौजूद

भगवान राम लला के दर्शन के इस नए सुंदर पथ के शुभारंभ अवसर पर श्रीराम जन्म भूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट के महासचिव चंपत राय, ट्रस्ट के सदस्य अनिल मिश्र, विमलेंद्र मोहन प्रताप मिश्र, महापौर महंत गिरीशपति त्रिपाठी, पूर्व महापौर ऋषिकेश उपाध्याय, कमिश्नर गौरव दयाल, जिलाधिकारी नीतीश कुमार, एसएसपी राज करण नैयर आदि मौजूद रहे।

भगवान रामलला के जयकारों के साथ रविवार को दर्शन की दूसरी बेला में शुरू हुए जन्मभूमि पथ से ही दर्शनार्थियों का प्रवेश और निकास भी होगा। वहीं राम जन्मभूमि जाने वाले पुराने मार्ग को पूर्ण रूप से बंद कर दिया गया है।

 

कपिल देव सिंह (यूपी हेड)

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »