गंगा में किशोर डूबा, शव की खोज जारी
1 min read
गाजीपुर। जनपद के भांवरकोल थाना अंतर्गत गंगा में नहा रहे किशोर की डूबने का समाचार प्राप्त हुआ है। घटना के संबंध में बताया जाता है कि ग्राम शेरपुर कला निवासी कृष्ण गुप्ता पुत्र गुड्डू गुप्ता उम्र लगभग 15 वर्ष अपने मित्रों के साथ गंगा स्नान करने गया। नहाते समय वह काफी गहरे पानी में चला गया।
बताते चलें कि इस समय गंगा बढ़ाव पर है ,तथा धारा भी तेज है। जब नहाते समय वह गहरे पानी में डूबने लगा तो उसके साथ नहा रहे उसके साथी जोर-जोर से शोर मचाने लगे ।आवाज सुनकर ग्रामीण तत्काल घटनास्थल की ओर पहुंचे। तब तक वह डूब चुका था।
परिजनों को सूचना प्राप्त होते ही वे भी तत्काल घटनास्थल पर पहुंचे। ग्रामीणों ने उसको पानी में खोजने की काफी कोशिश की लेकिन उसका पता अब तक नहीं चल सका है। सूचना मिलते ही पुलिस टीम भी मौके पर पहुंच गई तथा स्थानीय गोताखोरों की मदद से उसकी तलाश में जुट गई। लगभग 3 घंटे मशक्कत के बाद भी अभी उनको सफलता नहीं मिली है।
इसकी सूचना पाकर भांवरकोल थाना अध्यक्ष सत्येंद्र राय भी पुलिस टीम के साथ गंगा घाट पर पहुंचे। गोताखोरों की मदद से तलाश जारी है। समाचार लिखने तक कोई सफलता हासिल नहीं हुई है।
रिपोर्ट- प्रदीप कुमार पाण्डेय (गाजीपुर, यूपी)