Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

UP BOARD EXAM 2027: यूपी बोर्ड परीक्षा-2027 के प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी, 21 नवंबर तक दर्ज करा सकेंगे आपत्ति

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

परीक्षा केंद्रों की सूची परिषद की वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड, छात्र-छात्राएं, अभिभावक एवं विद्यालय प्रबंधन ऑनलाइन भेज सकेंगे प्रत्यावेदन

निर्धारित तिथि के बाद स्वीकार नहीं होंगे आपत्ति एवं शिकायत संबंधी प्रत्यावेदन

अमेठी, उप्र ।

माध्यमिक शिक्षा परिषद, उत्तर प्रदेश द्वारा वर्ष 2027 की हाईस्कूल एवं इंटरमीडिएट परीक्षाओं की तैयारियों के क्रम में प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची जारी कर दी गई है। परिषद के सचिव भगवती सिंह ने सर्वसाधारण को सूचित करते हुए बताया कि शासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों के अनुपालन में ऑनलाइन प्रक्रिया के माध्यम से परीक्षा केंद्रों का निर्धारण किया गया है।

उन्होंने बताया कि जिलाधिकारी की अध्यक्षता में गठित जनपदीय केंद्र निर्धारण समिति के अनुमोदन के उपरांत प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची, विद्यालयवार छात्र आवंटन सहित, दिनांक 16 नवंबर 2026 को माध्यमिक शिक्षा परिषद की आधिकारिक वेबसाइट upmsp.edu.in पर अपलोड एवं प्रदर्शित कर दी गई है।

परिषद के सचिव ने बताया कि यदि किसी छात्र, अभिभावक, प्रधानाचार्य अथवा विद्यालय प्रबंधक को प्रस्तावित परीक्षा केंद्र या विद्यालयों को आवंटित किए गए छात्रों के संबंध में कोई आपत्ति अथवा शिकायत है, तो वे उसके समर्थन में युक्तियुक्त कारणों एवं साक्ष्यों सहित अपना प्रत्यावेदन ऑनलाइन प्रस्तुत कर सकते हैं।

इसके लिए संबंधित विद्यालय की आईडी के माध्यम से परिषद के पोर्टल upmsp.edu.in पर 21 नवंबर तक प्रत्यावेदन प्रेषित करना अनिवार्य होगा। उन्होंने स्पष्ट किया कि निर्धारित अंतिम तिथि के बाद प्राप्त होने वाले किसी भी प्रत्यावेदन पर विचार नहीं किया जाएगा।

उन्होंने संबंधित छात्र-छात्राओं, अभिभावकों एवं विद्यालय प्रबंधन से अपील की है कि वे परिषद की वेबसाइट पर प्रस्तावित परीक्षा केंद्रों की सूची एवं छात्र आवंटन का अवलोकन कर लें तथा किसी प्रकार की आपत्ति होने पर निर्धारित समय सीमा के भीतर साक्ष्यों सहित ऑनलाइन प्रत्यावेदन प्रस्तुत करें।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »