Scholarship : एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में जीजीआईसी अमेठी का शानदार प्रदर्शन, सातों छात्राएँ चयनित
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
सात में सात छात्राओं का चयन, शत-प्रतिशत सफलता से विद्यालय परिवार में हर्ष; छात्राओं की अभूतपूर्व उपलब्धि ने बढ़ाया गौरव
अमेठी, उप्र ।
एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा-2026 में पीएमश्री राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), अमेठी की छात्राओं ने शानदार प्रदर्शन करते हुए शत-प्रतिशत सफलता हासिल की है। परीक्षा में शामिल विद्यालय की सभी सात छात्राएँ चयनित हुई हैं। छात्राओं की इस अभूतपूर्व उपलब्धि से विद्यालय परिवार में हर्ष और उत्साह का माहौल है।
एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यालय से सात छात्राएँ सम्मिलित हुई थीं, जिनमें माही, आंशिका, राजश्री, प्रियांजलि गुप्ता, कीर्ति, जोया और राधा शामिल हैं। सभी सात छात्राओं के चयन ने विद्यालय की शैक्षिक उपलब्धियों में एक और गौरवपूर्ण अध्याय जोड़ दिया है। सात में सात छात्राओं का चयन विद्यालय की शैक्षिक गतिविधियों और छात्राओं की प्रतिभा को प्रोत्साहित करने वाली महत्वपूर्ण उपलब्धि है।
छात्राओं की इस सफलता को उनके परिश्रम, लगन और शिक्षकों के मार्गदर्शन का परिणाम माना जा रहा है। प्रतियोगी परीक्षा में शत-प्रतिशत चयन न केवल छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है, बल्कि विद्यालय में गुणवत्तापूर्ण शिक्षा और छात्राओं के सर्वांगीण विकास के लिए किए जा रहे प्रयासों को भी रेखांकित करता है।
प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली ने छात्राओं को दी बधाई
प्रधानाचार्य डॉ. फूलकली ने इस उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए कहा कि एकीकृत छात्रवृत्ति परीक्षा में विद्यालय की सभी सात छात्राओं का चयन होना गर्व और हर्ष का विषय है। यह सफलता छात्राओं की मेहनत, लगन और शिक्षकों के समर्पित मार्गदर्शन का परिणाम है। उन्होंने कहा कि बेटियों की सफलता केवल उनके परिवार और विद्यालय का गौरव नहीं बढ़ाती, बल्कि समाज को भी नई दिशा देती है।
छात्राओं को निरंतर सीखने, आगे बढ़ने और अपने सपनों को साकार करने के लिए प्रेरित करते हुए उन्होंने कहा कि शिक्षा वह शक्ति है, जिसके माध्यम से बेटियाँ अपने भविष्य के साथ-साथ राष्ट्र के निर्माण में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभा सकती हैं। डॉ. फूलकली ने सभी चयनित छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
शिक्षकों एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने दी बधाई
विद्यालय की इस अभूतपूर्व उपलब्धि पर डॉ. ऋचा देवी, डॉ. रूबी सिंह, कुमुद सिंह, रुचिका सिंह, जरीन बेगम, ममता कुमारी, अनीता यादव, डॉ. निशा सिंह, मोहित मिश्र, राजेंद्र, सुरेश, प्रियांशु, आदर्श मिश्र, रामनाथ मिश्र, रेनूबाला, प्रीति तिवारी, श्रीनाथ शुक्ल सहित समस्त शिक्षक एवं शिक्षणेत्तर कर्मचारियों ने चयनित छात्राओं को हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएँ दीं।
सभी ने छात्राओं के उज्ज्वल भविष्य की कामना करते हुए उनके निरंतर प्रगति पथ पर आगे बढ़ने की आशा व्यक्त की। उन्होंने कहा कि छात्राओं की यह सफलता विद्यालय परिवार के लिए गर्व का विषय है और अन्य विद्यार्थियों को भी मेहनत एवं लगन के साथ अपने लक्ष्य प्राप्त करने के लिए प्रेरित करेगी।

