BREAKING NEWS : एंटी करप्शन टीम ने कानूनगो 10 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों किया गिरफ्तार
1 min read
लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र।
जिले में राजस्व विभाग में भ्रष्टाचार के मामले थमने का नाम नहीं लें रहा है। विगत वर्षों में कई राजस्व कर्मियों की हुई गिरफ्तारी के बावजूद भ्रष्टाचार के मामले रुक नहीं रहे हैं। इसकी ताज़ा बानगी आज ही देखने को मिला जब एंटी करप्शन टीम ने घूस लेते कानूनगो को गिरफ्तार किया।
मुसाफिरखाना तहसील क्षेत्र के बाजारशुक्ल में भ्रष्टाचार के खिलाफ एंटी करप्शन टीम ने बड़ी कार्रवाई की है। टीम ने मंगलवार को बाजारशुक्ल क्षेत्र में तैनात राजस्व निरीक्षक (कानूनगो) संतराम को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार किया है।
बताया जा रहा है कि बाजारशुक्ल थाना क्षेत्र के एक किसान ने हदबरारी की कार्रवाई पूरी होने के बाद पत्थर नसब कराने के लिए कानूनगो से संपर्क किया था। आरोप है कि इस कार्य के एवज में कानूनगो द्वारा रिश्वत की मांग की जा रही थी। परेशान किसान ने इसकी शिकायत एंटी करप्शन टीम से की।
शिकायत के सत्यापन के बाद टीम ने जाल बिछाया। योजनाबद्ध तरीके से मंगलवार को बाजारशुक्ल कस्बे में जैसे ही किसान ने कानूनगो को 10 हजार रुपये दिए, पहले से मौजूद एंटी करप्शन टीम ने उसे दबोच लिया। दिनदहाड़े हुई इस कार्रवाई से कस्बे में हड़कंप मच गया और राजस्व विभाग में भी खलबली मच गई।
फिलहाल आरोपी कानूनगो को हिरासत में लेकर अग्रिम विधिक कार्रवाई की जा रही है। इस कार्रवाई ने राजस्व विभाग की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े कर दिए हैं।



