Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

AMETHI UPDATE : अमेठी में त्योहारों को लेकर अलर्ट प्रशासन, मंडलायुक्त और DIG ने की कानून-व्यवस्था की समीक्षा

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

नवरात्रि, दुर्गा पूजा, मूर्ति विसर्जन, रामलीला एवं दशहरा सहित अन्य त्योहारों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित और सौहार्दपूर्ण वातावरण में संपन्न कराने के उद्देश्य से मंडलायुक्त अयोध्या मंडल राजेश कुमार एवं पुलिस उपमहानिरीक्षक अयोध्या परिक्षेत्र सोमेन बर्मा ने मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार, गौरीगंज में कानून-व्यवस्था की समीक्षा बैठक की।

बैठक में जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारियों के साथ त्योहारों के दौरान सुरक्षा, यातायात, साफ-सफाई, विद्युत आपूर्ति, स्वास्थ्य सेवाओं और मूर्ति विसर्जन की व्यवस्थाओं की विस्तार से समीक्षा की गई। अधिकारियों को सभी आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूर्ण करने तथा किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरतने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने मंडलायुक्त को अवगत कराया कि त्योहारों के दृष्टिगत जनपद के सभी थानों, तहसीलों एवं जिला स्तर पर दुर्गा पूजा पंडालों के आयोजकों, विभिन्न संप्रदायों के धर्मगुरुओं तथा संभ्रांत नागरिकों के साथ पीस कमेटी की बैठकें आयोजित की जा चुकी हैं।

सभी आवश्यक स्थलों पर मजिस्ट्रेटों की ड्यूटी भी निर्धारित कर दी गई है। उन्होंने बताया कि पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरे लगाने, अग्निशमन उपकरणों की उपलब्धता सुनिश्चित करने तथा साफ-सफाई की समुचित व्यवस्था रखने के निर्देश दिए गए हैं। रामलीला मैदानों में भी सुरक्षा, अग्निशमन, स्वच्छता एवं अन्य आवश्यक सुविधाओं को दुरुस्त रखने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया गया है।

मूर्ति विसर्जन एवं जुलूस मार्गों का निरीक्षण कर सड़कों के गड्ढों की भराई और मरम्मत का कार्य कराया जा रहा है। घाटों पर प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, नाव एवं नाविकों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जा रही हैं। त्योहारों के दौरान किसी भी अप्रिय घटना की आशंका को समाप्त करने के लिए विद्युत विभाग को जुलूस एवं मूर्ति विसर्जन मार्गों सहित अन्य संवेदनशील स्थानों पर ढीले बिजली के तारों को दुरुस्त करने तथा निर्बाध विद्युत आपूर्ति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

साफ-सफाई के कार्यों को समय से पूरा कराने के लिए अतिरिक्त मैनपावर की व्यवस्था भी की गई है। आयोजकों को डीजे की ध्वनि तथा उसकी ऊंचाई एवं चौड़ाई निर्धारित मानकों और सर्वोच्च न्यायालय के दिशा-निर्देशों के अनुरूप रखने के लिए कहा गया है। साथ ही मूर्तियों की ऊंचाई निर्धारित मानकों के अनुसार रखने के निर्देश भी दिए गए हैं।

स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने बताया कि स्वास्थ्य विभाग को अलर्ट रखा गया है। मुख्य चिकित्सा अधिकारी को सभी अस्पतालों में आवश्यक दवाओं की उपलब्धता, चिकित्सकों की उपस्थिति तथा आपात स्थिति में त्वरित उपचार की व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।

पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने बैठक में जनपद की सुरक्षा व्यवस्था की जानकारी देते हुए बताया कि सभी पूजा पंडालों में सीसीटीवी कैमरों एवं सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए गए हैं। महिलाओं एवं बालिकाओं की सुरक्षा के लिए विशेष व्यवस्था की गई है। मिश्रित आबादी वाले क्षेत्रों और जुलूस मार्गों की ड्रोन के माध्यम से निगरानी की गई है।

त्योहारों को सकुशल संपन्न कराने के लिए पुलिस बल को सतर्क रखते हुए आवश्यक सुरक्षा प्रबंध किए गए हैं। पुलिस उपमहानिरीक्षक सोमेन बर्मा ने सोशल मीडिया पर सतत निगरानी रखने तथा किसी भी भ्रामक पोस्ट या अफवाह की जानकारी मिलने पर तत्काल संज्ञान लेकर आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि त्योहारों के दौरान पुलिसकर्मी लगातार क्षेत्र में भ्रमणशील रहें और संवेदनशील स्थानों पर विशेष सतर्कता बरती जाए।

सभी पूजा पंडालों में सुरक्षा के समुचित इंतजाम सुनिश्चित किए जाएं, ताकि आमजन निर्भय होकर त्योहार मना सकें। मंडलायुक्त राजेश कुमार ने सभी उपजिलाधिकारियों एवं क्षेत्राधिकारियों से उनके क्षेत्रों में स्थापित होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं, विसर्जन की स्थिति, रामलीला स्थलों की व्यवस्थाओं तथा विसर्जन मार्गों की स्थिति के संबंध में जानकारी प्राप्त की।

उन्होंने निर्देश दिए कि सभी एसडीएम, सीओ एवं अन्य संबंधित अधिकारी प्रतिदिन संयुक्त रूप से क्षेत्र का भ्रमण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और सामने आने वाली कमियों को तत्काल दूर कराएं। उन्होंने मूर्ति विसर्जन स्थलों पर विशेष साफ-सफाई कराने, झाड़ियों की कटाई, पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था तथा घाटों पर नाव एवं नाविकों की उपलब्धता सुनिश्चित करने पर जोर दिया।

इसके साथ ही कंट्रोल रूम में जिम्मेदार एवं प्रशिक्षित कार्मिकों की तैनाती करने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी आपात स्थिति की सूचना तत्काल उच्चाधिकारियों तक पहुंचाई जा सके और समय रहते प्रभावी कार्रवाई की जा सके।

बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, अपर जिलाधिकारी वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, अपर जिलाधिकारी न्यायिक अमृता सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, क्षेत्राधिकारी तथा विभिन्न विभागों के संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »