Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

WORLD NEWS : दुबई-इजराइल उड़ान में बड़ा संकट,भारतीय पायलट की सूझबूझ से टला हादसा; 174 यात्री सुरक्षित

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

दुबई से इजराइल जा रहे विमान में बड़ा संकट, भारतीय पायलट ने बचाई 174 यात्रियों की जान ओमानी सह-पायलट पर हमला करने का आरोप

नई दिल्ली/तेल अवीव।

दुबई से इजराइल के तेल अवीव जा रही फ्लाईदुबई की उड़ान FZ1073 में बुधवार को उस समय बड़ा संकट पैदा हो गया, जब कॉकपिट में दोनों पायलटों के बीच हिंसक झड़प हो गई। रिपोर्टों के मुताबिक, ओमानी मूल के सह-पायलट ने भारतीय कप्तान स्मित माच्छर (Smit Machchhar) पर चाकू से हमला किया और विमान का नियंत्रण अपने हाथ में लेने की कोशिश की। विमान में करीब 174 लोग सवार थे।

अचानक 14 हजार फीट नीचे आया विमान

घटना के दौरान विमान करीब 33,000 फीट से तेजी से नीचे आया और लगभग 30 सेकंड में करीब 14,000 फीट की ऊंचाई खो दी। स्थिति बिगड़ने पर विमान से आपातकालीन संकेत भेजे गए। बताया गया कि भारतीय कप्तान स्मित माच्छर घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलने में सफल रहे। इसके बाद कुछ यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने कॉकपिट में पहुंचकर कथित हमलावर सह-पायलट को काबू किया।

यात्रियों ने संभाला मोर्चा

रिपोर्टों के अनुसार, यात्रियों ने बेहद जोखिम भरे हालात में कॉकपिट में प्रवेश किया और सह-पायलट को काबू करने में मदद की। विमान में मौजूद दो अन्य फ्लाईदुबई पायलटों ने इसके बाद विमान का नियंत्रण संभाला। विमान को इजराइल ले जाने के बजाय सऊदी अरब के तबुक एयरपोर्ट पर सुरक्षित उतारा गया।

भारतीय पायलट स्मित माच्छर घायल

हमले में कप्तान स्मित माच्छर घायल हुए और उन्हें इलाज के लिए अस्पताल ले जाया गया। Times of India के अनुसार, वह अनुभवी कमर्शियल पायलट हैं और पहले स्पाइसजेट में भी काम कर चुके हैं। फ्लाईदुबई से वह 2022 में जुड़े थे।

सह-पायलट हिरासत में, जांच जारी

सऊदी अरब में विमान की सुरक्षित लैंडिंग के बाद दोनों पायलटों को अस्पताल ले जाया गया। कथित हमलावर सह-पायलट से सऊदी अधिकारी पूछताछ कर रहे हैं। घटना के पीछे उसका मकसद क्या था, इसकी अभी जांच चल रही है। फ्लाईदुबई ने भी घटना की पुष्टि करते हुए कहा है कि विमान तबुक में सुरक्षित उतर गया और सभी यात्री सुरक्षित हैं।

बाद में यात्रियों को दूसरे फ्लाईदुबई विमान से तेल अवीव के बेन गुरियन एयरपोर्ट पहुंचाया गया। घटना के बाद इजराइल ने इजराइल आने वाली उड़ानों के पायलटों की पहचान और सुरक्षा जांच को और कड़ा करने की बात कही है।

घायल होने के बावजूद कप्तान ने खोला कॉकपिट का दरवाजा

रिपोर्टों के मुताबिक, हमले में कप्तान स्मित माच्छर गंभीर रूप से घायल हो गए, लेकिन उन्होंने हिम्मत नहीं छोड़ी। उन्होंने कॉकपिट का दरवाजा खोल दिया, जिसके बाद यात्रियों और चालक दल के सदस्यों ने अंदर पहुंचकर हमलावर सह-पायलट को काबू करने में मदद की। इसके बाद विमान में मौजूद अन्य पायलटों ने नियंत्रण संभाला और विमान को सुरक्षित सऊदी अरब में उतारा गया। भारतीय पायलट की हालत स्थिर बताई गई है।

भारतीय पायलट की बहादुरी को मोदी, ट्रंप और नेतन्याहू ने सराहा

पीएम मोदी ने कहा- भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कैप्टन स्मित माच्छर की बहादुरी की सराहना की। उन्होंने कहा कि गंभीर खतरे और गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद माच्छर ने यात्रियों की जान बचाने के लिए अदम्य साहस और दृढ़ संकल्प दिखाया। प्रधानमंत्री ने कहा कि उनकी वीरता से बड़ी त्रासदी टल गई और भारत को कैप्टन मच्छर पर गर्व है। उन्होंने उनके शीघ्र स्वस्थ होने की कामना भी की।

नेतन्याहू ने बताया ‘सच्चा हीरो’

इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी को सलाम किया। उन्होंने कहा कि गंभीर रूप से घायल होने के बावजूद कैप्टन माच्छर ने हमलावर का मुकाबला किया, कॉकपिट का दरवाजा खोला और यात्रियों तथा चालक दल को हमलावर को काबू करने का मौका दिया।

नेतन्याहू ने कहा कि माच्छर ने 174 लोगों की जान बचाई, जिनमें इजराइली नागरिक और अन्य देशों के नागरिक शामिल थे। उन्होंने भारतीय पायलट को “सच्चा हीरो” बताते हुए उनके शीघ्र और पूर्ण स्वस्थ होने की कामना की।

ट्रंप ने भी भारतीय पायलट की बहादुरी को सराहा

अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने भी घटना पर प्रतिक्रिया दी। ओवल ऑफिस में पत्रकारों से बातचीत के दौरान ट्रंप ने बताया कि उन्होंने इस घटना को लेकर नेतन्याहू से बात की थी। उन्होंने भारतीय पायलट को हीरो बताया और कहा कि घायल होने के बावजूद कॉकपिट का दरवाजा खोलकर मदद मांगना बेहद महत्वपूर्ण था।

ट्रंप ने यह भी कहा कि उन्हें घटना के बारे में नेतन्याहू और अन्य लोगों से जानकारी मिली है। उन्होंने विमान में मौजूद एक यात्री द्वारा विमान को संभालने में की गई मदद की भी सराहना की।

सऊदी अरब में सुरक्षित उतारा गया विमान

आपात स्थिति के बाद फ्लाईदुबई का विमान सऊदी अरब के तबूक एयरपोर्ट पर उतारा गया। कथित हमलावर सह-पायलट को सऊदी अधिकारियों ने हिरासत में लिया है और उससे पूछताछ की जा रही है। घटना के पीछे क्या कारण था, इसका अभी आधिकारिक रूप से खुलासा नहीं हुआ है।

बाद में यात्रियों को दूसरे विमान से तेल अवीव पहुंचाया गया। घटना के बाद इजराइल ने देश में आने वाली उड़ानों के पायलटों की पहचान और सुरक्षा जांच को और कड़ा करने की बात कही है।

फिलहाल जांच एजेंसियां कॉकपिट में हुई झड़प के कारण, कथित हमले के मकसद और सुरक्षा प्रोटोकॉल से जुड़े पहलुओं की जांच कर रही हैं।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »