Women Harassment : महिला उत्पीड़न के मामलों प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ प्रियंका मौर्या ने की सुनवाई
1 min read

REPORT BY LOK REPORTER
AMETHI NEWS।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने आज तहसील गौरीगंज सभागार में महिला उत्पीड़न से संबंधित मामलों की जनसुनवाई की। जिसमें बड़ी संख्या में महिलाएं अपनी शिकायतों के साथ उपस्थित हुईं। जनसुनवाई के दौरान डॉ. मौर्या ने घरेलू हिंसा, दहेज उत्पीड़न, कार्यस्थल पर शोषण, संपत्ति विवाद, मानसिक उत्पीड़न जैसे गंभीर मामलों को व्यक्तिगत रूप से सुना और प्रत्येक शिकायतकर्ता को न्याय दिलाने का आश्वासन दिया। उन्होंने कहा कि महिलाओं को उनके अधिकार दिलाने और उन्हें सशक्त बनाने की दिशा में महिला आयोग पूरी तरह समर्पित है।
डॉ. मौर्या ने संबंधित प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी प्राप्त शिकायतों का समयबद्ध, निष्पक्ष और प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने स्पष्ट किया कि किसी भी प्रकार की लापरवाही या उदासीनता सहन नहीं की जाएगी। उन्होंने कहा कि महिलाएं समाज की रीढ़ हैं, और उनका सशक्तिकरण तभी संभव है जब उन्हें न्याय, सुरक्षा और सम्मान मिले।
जनसुनवाई के दौरान कुछ मामलों में मौके पर ही समाधान भी निकाला गया। कई मामलों में संबंधित पुलिस थानों को तत्काल कार्यवाही के निर्देश दिए गए। वहीं, लंबित मामलों में रिपोर्ट प्रस्तुत करने के लिए समय-सीमा निर्धारित की गई।
डॉ. मौर्या ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि प्रत्येक शिकायत पर फॉलोअप कार्यवाही सुनिश्चित की जाए और शिकायतकर्ता को उसकी जानकारी भी दी जाए। इस मौके पर उन्होंने महिलाओं को संबोधित करते हुए कहा कि डरने की जरूरत नहीं है। कानून आपके साथ है और महिला आयोग हर उस महिला के साथ खड़ा है जो किसी भी प्रकार के उत्पीड़न का शिकार हो रही है।
उन्होंने महिलाओं को उनके कानूनी अधिकारों की जानकारी दी और उन्हें जागरूक रहने के लिए प्रेरित किया। डॉ. मौर्या ने यह भी कहा कि आयोग का उद्देश्य केवल सुनवाई करना नहीं, बल्कि पीड़िता को न्याय दिलाना है।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए की शासन द्वारा संचालित योजनाओं से पात्र लाभार्थियों को लाभान्वित किया जाए। इस जनसुनवाई में जिला प्रशासन, पुलिस विभाग, महिला कल्याण विभाग, बाल विकास एवं पुष्टाहार विभाग, जिला विधिक सेवा प्राधिकरण सहित कई अन्य विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
जनसुनवाई के अंत में डॉ. मौर्या ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि प्राप्त शिकायतों पर सतत निगरानी रखी जाए और महिलाओं की सुरक्षा व अधिकारों की रक्षा को सर्वोच्च प्राथमिकता दी जाए। महिलाओं ने इस पहल की सराहना की और कहा कि ऐसे आयोजनों से उन्हें न केवल उम्मीद मिलती है, बल्कि उनका आत्मविश्वास भी बढ़ता है।
आज जनसुनवाई के दौरान कुल 14 महिलाओं ने आयोग की सदस्य के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराईं जिनके निस्तारण हेतु उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया। जनसुनवाई के उपरांत आयोग की सदस्य ने तहसील गौरीगंज परिसर में अर्जुन का पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया तथा जन सामान्य से एक पेड़ मां के नाम अवश्य लगाने तथा उसका संरक्षण करने की अपील किया।
इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, पुलिस क्षेत्राधिकार गौरीगंज अखिलेश वर्मा, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार मौर्य सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।
जिला अस्पताल का किया स्थलीय निरीक्षण
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की सदस्य डॉ. प्रियंका मौर्या ने अपने दो दिवसीय जनपद भ्रमण के दौरान आज संयुक्त जिला चिकित्सालय गौरीगंज का स्थलीय निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान उन्होंने अस्पताल में उपलब्ध स्वास्थ्य सेवाओं की गहनता से समीक्षा करते हुए संबंधित चिकित्सकों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। उन्होंने मरीजों से सीधे संवाद कर उनकी समस्याएं जानीं और समाधान का भरोसा दिलाया।
डॉ. मौर्या ने निरीक्षण के दौरान एनआईसीयू (नवजात गहन चिकित्सा इकाई), डायलिसिस कक्ष, आपातकालीन वार्ड, महिला वार्ड और चिकित्सक कक्ष समेत अन्य वार्डों का निरीक्षण किया। निरीक्षण के दौरान आरओ वाटर कूलर खराब स्थिति में पाया गया, जिस पर उन्होंने मुख्य चिकित्सा अधीक्षक को तत्काल नया वाटर कूलर लगवाने के निर्देश दिए। साथ ही अस्पताल में लगे अग्निशमन यंत्रों की एक्सपायरी डेट समाप्त हो चुकी थी, जिन्हें बदलवाने और नए अग्निशमन यंत्र लगवाने के निर्देश भी मौके पर दिए।
इस अवसर पर महिला आयोग की सदस्य ने “बेटी बचाओ, बेटी पढ़ाओ” योजना के अंतर्गत पांच नवजात बच्चियों के अभिभावकों को बेबी किट वितरित किए और उन्हें बालिका शिक्षा व सुरक्षा के प्रति जागरूक किया। उन्होंने कहा कि यह पहल बेटियों के सम्मान और भविष्य को सुरक्षित करने की दिशा में एक सकारात्मक प्रयास है। उन्होंने माताओं से संवाद करते हुए उन्हें बालिकाओं की शिक्षा और स्वास्थ्य को प्राथमिकता देने की अपील की।
महिला आयोग की सदस्य ने बिशुनदासपुर गांव में की धान रोपाई
डॉ. प्रियंका मौर्या ने विकास खंड गौरीगंज के ग्राम बिशुनदासपुर में कृषक बद्री विशाल श्रीवास्तव के खेत में पहुंचकर पारंपरिक तरीके से धान की रोपाई की। ग्रामीण महिलाओं संग खेत में उतरकर उन्होंने खेती-किसानी के महत्व को रेखांकित किया और महिलाओं की मेहनत की सराहना की। इस मौके पर गौरीगंज एसडीएम प्रीति तिवारी एवं नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी ने भी धान की रोपाई की।
उन्होंने कहा कि ग्रामीण अंचलों में महिलाएं खेती-किसानी से लेकर घर-परिवार की जिम्मेदारी तक हर क्षेत्र में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही हैं।इस अवसर पर उपजिलाधिकारी गौरीगंज प्रीति तिवारी, जिला प्रोबेशन अधिकारी अनिल कुमार मौर्य, नायब तहसीलदार अनुश्री त्रिपाठी समेत कई अधिकारी और ग्रामीण मौजूद रहे।