AMETHI NEWS : मूर्ति विसर्जन को लेकर डीएम और एसपी ने की समीक्षा बैठक, तैयारियां समय से पूरी करने के निर्देश
1 min read
रिपोर्ट -लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र । आगामी मूर्ति विसर्जन कार्यक्रमों को सकुशल, शांतिपूर्ण एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराने के उद्देश्य से जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने आज कलेक्ट्रेट सभागार में संबंधित अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक की। बैठक में विसर्जन घाटों की व्यवस्थाओं, प्रतिमा विसर्जन मार्गों की साफ-सफाई, सुरक्षा, यातायात प्रबंधन तथा कानून-व्यवस्था की तैयारियों की समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने समस्त उपजिलाधिकारियों, पुलिस क्षेत्राधिकारियों एवं थाना प्रभारियों को निर्देश दिए कि सभी आवश्यक व्यवस्थाएं निर्धारित समय से पहले पूर्ण कर ली जाएं, ताकि श्रद्धालुओं को किसी प्रकार की असुविधा न हो। जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि प्रतिमा विसर्जन घाटों एवं विसर्जन मार्गों पर पर्याप्त साफ-सफाई सुनिश्चित की जाए। मार्गों पर बिजली के ढीले तारों को ठीक कराया जाए तथा घाटों पर पर्याप्त प्रकाश व्यवस्था, पार्किंग, नाव एवं नाविकों की उपलब्धता सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय से पूरी कर ली जाएं। संबंधित अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में स्थलीय निरीक्षण कर व्यवस्थाओं का जायजा लें और जहां भी कमियां मिलें, उन्हें तत्काल दूर कराएं। उन्होंने कहा कि विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं की सुविधा एवं सुरक्षा सर्वोच्च प्राथमिकता होनी चाहिए। घाटों पर व्यवस्थाएं सुव्यवस्थित रखी जाएं तथा किसी भी आपात स्थिति से निपटने के लिए आवश्यक तैयारियां सुनिश्चित की जाएं। जिलाधिकारी ने सभी उपजिलाधिकारियों को निर्देश दिए कि प्रतिमा विसर्जन घाटों के आसपास तथा विसर्जन मार्गों पर मीट-मांस, अंडे एवं मदिरा की दुकानें बंद रखने की व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने डीजे संचालन निर्धारित मानकों के अनुरूप कराने तथा संबंधित अधिकारियों को क्षेत्र में लगातार भ्रमणशील रहकर निगरानी करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी अधिकारी अपने-अपने क्षेत्रों में संवेदनशील स्थलों एवं विसर्जन मार्गों का निरीक्षण करते रहें और स्थानीय स्तर पर समन्वय बनाए रखते हुए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने कानून-व्यवस्था की समीक्षा करते हुए निर्देश दिए कि अराजकता फैलाने वाले व्यक्तियों पर सतर्क निगरानी रखी जाए तथा ऐसे तत्वों को चिन्हित कर उनके विरुद्ध नियमानुसार आवश्यक कार्रवाई की जाए। सोशल मीडिया पर प्रसारित होने वाली अफवाहों एवं भ्रामक सूचनाओं पर विशेष नजर रखी जाए और किसी भी भ्रामक सूचना के संज्ञान में आने पर तत्काल कार्रवाई करते हुए शांति व्यवस्था बनाए रखी जाए। उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया कि किसी भी स्थिति में कानून-व्यवस्था प्रभावित न होने पाए। इसके लिए पुलिस एवं प्रशासनिक अधिकारी आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और क्षेत्र में शांति एवं सौहार्द का वातावरण बनाए रखने के लिए सतत निगरानी सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने प्रतिमा विसर्जन मार्गों तथा आसपास के क्षेत्रों में घूम रहे निराश्रित गोवंशों को भी गंभीरता से लेते हुए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ऐसे गोवंशों को चिन्हित कर गौशालाओं में संरक्षित कराया जाए, जिससे विसर्जन के दौरान श्रद्धालुओं एवं वाहनों की आवाजाही में बाधा उत्पन्न न हो और किसी प्रकार की दुर्घटना की आशंका न रहे। बैठक में जिलाधिकारी ने सभी संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि वे अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए सभी तैयारियां समयबद्ध ढंग से पूरी करें। प्रशासन एवं पुलिस के बीच बेहतर समन्वय बनाए रखते हुए मूर्ति विसर्जन कार्यक्रमों को शांतिपूर्ण, सुरक्षित एवं व्यवस्थित ढंग से संपन्न कराया जाए। बैठक में अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेंद्र सिंह, समस्त उपजिलाधिकारी, पुलिस क्षेत्राधिकारी एवं थाना प्रभारी उपस्थित रहे।



