Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

Industrial Corridor: पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे विकसित होगा औद्योगिक गलियारा

1 min read
Spread the love

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नेतृत्व में उत्तर प्रदेश को औद्योगिक विकास का प्रमुख केंद्र बनाने, प्रदेश में निवेश को प्रोत्साहित करने तथा युवाओं के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित करने की दिशा में जनपद अमेठी में महत्वपूर्ण पहल की जा रही है। इसी क्रम में तहसील मुसाफिरखाना के अंतर्गत पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे लगभग 250 हेक्टेयर भूमि पर इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित किया जाएगा।

इस औद्योगिक कॉरिडोर के माध्यम से क्षेत्र में औद्योगिक इकाइयों की स्थापना को बढ़ावा देने के साथ स्थानीय स्तर पर रोजगार एवं आर्थिक गतिविधियों को गति देने का लक्ष्य है। प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकासखंड शुकुल बाजार के ऊंचगांव एवं सेवरा गांव के निकट पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के माइलस्टोन संख्या 58 के पास विकसित किया जा रहा है। परियोजना की प्रगति एवं स्थल की स्थिति का जायजा लेने के लिए जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने स्थलीय निरीक्षण किया।

250 हेक्टेयर क्षेत्रफल में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर होगा विकसित -डीएम 

इस दौरान डीएम ने परियोजना से संबंधित जानकारी प्राप्त की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।          निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बताया कि पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के किनारे लगभग 250 हेक्टेयर क्षेत्रफल में इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित करने की योजना है। इसके प्रथम चरण में 148 हेक्टेयर भूमि के क्रय एवं अधिग्रहण की कार्रवाई पूर्ण हो चुकी है, जबकि दूसरे चरण में शेष 102 हेक्टेयर भूमि के क्रय की प्रक्रिया की तैयारी की जा रही है।

उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि परियोजना से जुड़े कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आगे बढ़ाया जाए तथा भूमि संबंधी आवश्यक कार्यवाहियों में समन्वय बनाए रखते हुए प्रगति सुनिश्चित की जाए। औद्योगिक कॉरिडोर के विकास के लिए आवश्यक तैयारियों को समयबद्ध ढंग से आगे बढ़ाने पर भी जोर दिया गया।

जिलाधिकारी ने कहा कि इंडस्ट्रियल कॉरिडोर विकसित होने से अमेठी में औद्योगिक गतिविधियों को प्रोत्साहन मिलेगा। यहां औद्योगिक इकाइयों की स्थापना होने से स्थानीय स्तर पर रोजगार के अवसर बढ़ने की संभावना है। इससे युवाओं को अपने जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में रोजगार पाने के अवसर उपलब्ध हो सकेंगे। साथ ही औद्योगिक विकास से स्थानीय व्यापार, परिवहन, लॉजिस्टिक्स तथा अन्य सहायक गतिविधियों को भी गति मिलेगी।

पूर्वांचल एक्सप्रेसवे के निकट स्थित होने के कारण प्रस्तावित कॉरिडोर को औद्योगिक आवागमन एवं माल परिवहन की दृष्टि से भी महत्वपूर्ण माना जा रहा है। बेहतर संपर्क मार्गों के माध्यम से औद्योगिक इकाइयों को परिवहन संबंधी सुविधाएं मिलने तथा निवेश के लिए अनुकूल वातावरण तैयार होने की संभावनाएं हैं।

अमेठी में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर निवेश को प्रोत्साहन व औद्योगिक विकास की एक महत्वपूर्ण पहल

प्रदेश सरकार द्वारा निवेश को प्रोत्साहित करने, औद्योगिक आधारभूत संरचना विकसित करने और रोजगार के अवसर बढ़ाने पर जोर दिया जा रहा है। अमेठी में प्रस्तावित इंडस्ट्रियल कॉरिडोर इसी दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। परियोजना के विकसित होने से जनपद में नए उद्योगों की स्थापना के लिए आधार तैयार होगा तथा स्थानीय अर्थव्यवस्था को मजबूती मिलेगी।

औद्योगिक इकाइयों की स्थापना के साथ प्रत्यक्ष एवं अप्रत्यक्ष रोजगार के अवसर विकसित होंगे, जिससे स्थानीय लोगों की आर्थिक गतिविधियों में भागीदारी बढ़ेगी। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी मुसाफिरखाना नीतेश राज, तहसीलदार मुसाफिरखाना राहुल सिंह सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »