Raid by the Food Department : खाद्य सुरक्षा विभाग की टीम ने मिठाई की दुकानों का किया निरीक्षण
1 min read
रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
राजस्थानी स्वीट्स में ‘यूज बाय डेट’ का अनुपालन नहीं मिलने पर दिए गए सख्त निर्देश, अभियान रहेगा जारी
अमेठी, उप्र ।
आगामी दीपावली एवं अन्य त्योहारों के दृष्टिगत जनपद में खाद्य पदार्थों की गुणवत्ता सुनिश्चित करने और खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन कराने के लिए खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा लगातार निरीक्षण अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में 23 अक्टूबर को आयुक्त, खाद्य सुरक्षा एवं औषधि प्रशासन विभाग तथा जिलाधिकारी शशांक चौधरी के निर्देश पर खाद्य सुरक्षा विभाग के संयुक्त दल ने जगदीशपुर स्थित विभिन्न मिठाई की दुकानों का निरीक्षण किया।
निरीक्षण के दौरान संयुक्त दल ने जगदीशपुर स्थित मनसा स्वीट्स, राजू लस्सी, रघुकुल स्वीट्स तथा राजस्थानी स्वीट्स का जायजा लिया। जांच में मनसा स्वीट्स, राजू लस्सी एवं रघुकुल स्वीट्स पर मिठाइयों के संबंध में ‘यूज बाय डेट’ (उपयोग की अंतिम तिथि) का अनुपालन किया जाता पाया गया। वहीं, राजस्थानी स्वीट्स में ‘यूज बाय डेट’ का अनुपालन नहीं किया जा रहा था।
इस पर संबंधित प्रतिष्ठान संचालक को निर्धारित मानकों का अनिवार्य रूप से पालन करने के सख्त निर्देश दिए गए। खाद्य सुरक्षा विभाग द्वारा त्योहारों के दौरान आमजन को सुरक्षित एवं गुणवत्तापूर्ण खाद्य पदार्थ उपलब्ध कराने के उद्देश्य से निरीक्षण अभियान निरंतर जारी रखा जाएगा। विभाग की ओर से खाद्य कारोबारियों को खाद्य सुरक्षा मानकों का पालन करने तथा उपभोक्ताओं के स्वास्थ्य के प्रति विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए जा रहे हैं।



