Amethi Update : स्वच्छता व ग्रामीण विकास योजनाओं की DM ने की समीक्षा
1 min read
रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास योजनाओं की जिलाधिकारी ने की समीक्षा, अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश।शौचालयों की नियमित साफ-सफाई, ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन और ओडीएफ प्लस के मानकों को बेहतर बनाने पर दिया जोर
अमेठी, उप्र ।
जनपद में स्वच्छता व्यवस्था को सुदृढ़ बनाने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के उद्देश्य से बुधवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी शशांक चौधरी की अध्यक्षता में जिला स्वच्छ भारत मिशन मैनेजमेंट कमेटी के अंतर्गत जिला स्वच्छता समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में ग्राम पंचायतों में संचालित स्वच्छता एवं विकास से संबंधित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की विस्तृत समीक्षा की गई।
इस दौरान जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को योजनाओं का क्रियान्वयन समयबद्ध, पारदर्शी एवं गुणवत्तापूर्ण ढंग से सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में व्यक्तिगत एवं सामुदायिक शौचालयों के निर्माण, संचालन और रखरखाव की स्थिति की समीक्षा करते हुए जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि सभी निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा में गुणवत्ता के साथ पूर्ण कराए जाएं। साथ ही, संचालित शौचालयों की नियमित साफ-सफाई एवं समुचित रखरखाव सुनिश्चित किया जाए, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छता व्यवस्था बेहतर बनी रहे।
उन्होंने कहा कि शौचालयों का निर्माण कराने के साथ-साथ उनका नियमित एवं प्रभावी उपयोग सुनिश्चित करना भी आवश्यक है। जिलाधिकारी ने ग्राम पंचायतों में ओडीएफ प्लस (ODF Plus) की प्रगति की समीक्षा करते हुए स्वच्छता के निर्धारित मानकों को बेहतर बनाने के लिए विशेष प्रयास करने के निर्देश दिए। उन्होंने ठोस एवं तरल अपशिष्ट प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में स्वच्छ एवं स्वस्थ वातावरण बनाए रखने पर विशेष जोर दिया।
बैठक में रिसोर्स रिकवरी सेंटर (आरआरसी सेंटर) के क्रियान्वयन एवं संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि ग्राम पंचायतों में कचरा संग्रहण, निस्तारण एवं प्रबंधन की व्यवस्था को और अधिक सुदृढ़ किया जाए, जिससे स्वच्छता अभियान को स्थायी रूप से प्रभावी बनाया जा सके। उन्होंने स्वच्छता संबंधी व्यवस्थाओं की नियमित निगरानी करने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप कार्य सुनिश्चित करने पर भी बल दिया।
बैठक के दौरान अंत्येष्टि स्थलों एवं जन सेवा केंद्रों के निर्माण और संचालन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। जिलाधिकारी ने निर्देश दिए कि ग्रामीण क्षेत्रों में आवश्यक नागरिक सुविधाओं का विस्तार प्राथमिकता के आधार पर किया जाए, ताकि आमजन को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सकें। उन्होंने अधिकारियों से कहा कि सभी योजनाओं में निर्धारित मानकों, गुणवत्ता एवं पारदर्शिता का विशेष ध्यान रखा जाए और कार्यों के क्रियान्वयन में किसी भी स्तर पर लापरवाही न बरती जाए।
जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि स्वच्छता एवं ग्रामीण विकास से संबंधित योजनाओं की नियमित मॉनिटरिंग की जाएगी। संबंधित अधिकारी अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करते हुए योजनाओं की प्रगति सुनिश्चित करें, जिससे जनपद की ग्राम पंचायतों में स्वच्छता व्यवस्था को और बेहतर बनाया जा सके।
बैठक में मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, जिला विकास अधिकारी वीरभान सिंह, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी मनोज त्यागी सहित अन्य संबंधित अधिकारी, खंड विकास अधिकारी एवं सहायक विकास अधिकारी (पंचायत) उपस्थित रहे।



