Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

HALF MARATHON : दीपक पाल और फूलन पाल ने जीती 21 किमी हाफ मैराथन

1 min read
Spread the love

रिपोर्ट – आलोक यादव 

अमेठी, उप्र ।

पूर्व प्राविधिक शिक्षा मंत्री एवं पूर्व अंतरराष्ट्रीय बैडमिंटन खिलाड़ी डॉ. अमीता सिंह के जन्मदिन के अवसर पर रविवार को ‘अमेठी मैराथन 2026’ का आयोजन किया गया। राजर्षि रणंजय सिंह जनकल्याण समिति की ओर से आयोजित 21 किलोमीटर की हाफ मैराथन में अमेठी विधानसभा क्षेत्र के विभिन्न हिस्सों से 540 एथलीटों ने हिस्सा लिया। पुरुष वर्ग में दीपक पाल और महिला वर्ग में फूलन पाल ने पहला स्थान हासिल किया।

मैराथन सुबह 6:30 बजे मिश्रौली स्थित स्वामी शांतानंद पुजारी इंटर कॉलेज से शुरू हुई और 21 किलोमीटर की दूरी तय करने के बाद श्री आसलदेव इंटर कॉलेज, पीपरपुर में समाप्त हुई। समापन के बाद आयोजित पुरस्कार वितरण समारोह में पद्मश्री व अर्जुन पुरस्कार से सम्मानित ओलंपियन सुधा सिंह, पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पंकज सिंह, एशियाई खेलों में नौकायन के कांस्य पदक विजेता सलमान खान और राष्ट्रीय स्तर की शूटिंग खिलाड़ी रुचि सिंह ने खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया।

कार्यक्रम की अध्यक्षता डॉ. अमीता सिंह ने की। पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह मुख्य संरक्षक एवं मार्गदर्शक रहे। जिलाधिकारी शशांक चौधरी मुख्य अतिथि और पुलिस अधीक्षक सरवणन टी. विशिष्ट अतिथि रहे। सुप्रीम कोर्ट की अधिवक्ता राजकुमारी आकांक्षा सिंह भी मौजूद रहीं।

डॉ. अमीता सिंह ने कहा कि मैराथन केवल दौड़ प्रतियोगिता नहीं, बल्कि स्वस्थ, सशक्त और विकसित अमेठी के निर्माण का संकल्प है। गांव-देहात की प्रतिभाओं को खोजकर उन्हें उचित मंच देने का प्रयास किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अमेठी से राष्ट्रीय स्तर की खेल प्रतिभाएं निकलें, इसके लिए ग्रामीण क्षेत्रों में खेल संस्कृति को बढ़ावा देना जरूरी है।

https://youtu.be/TDmP6LllE0E?si=vFMyOFWYCWxrnb_R

पूर्व केंद्रीय मंत्री डॉ. संजय सिंह ने कहा कि अमेठी की मिट्टी में प्रतिभाओं की कमी नहीं है। ग्रामीण युवाओं में असीम क्षमता है और जरूरत उन्हें अवसर एवं उचित मंच देने की है। उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजनों से युवाओं को खेलों से जुड़ने और आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलेगी।

पूर्व अंतरराष्ट्रीय क्रिकेटर पंकज सिंह और ओलंपियन सुधा सिंह ने भी खिलाड़ियों का उत्साह बढ़ाया। जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने कहा कि खेल व्यक्ति में अनुशासन की भावना विकसित करता है और यह आयोजन युवाओं को खेल के क्षेत्र में आगे बढ़ने का अवसर देगा। एसपी सरवणन टी. ने कहा कि प्रतियोगिता में अंतिम स्थान पर रहने वाला खिलाड़ी भी सफल है, क्योंकि उसने 21 किलोमीटर की दौड़ पूरी की है। उन्होंने खिलाड़ियों को अंत तक प्रयास करते रहने का संदेश दिया।

प्रतियोगिता के पुरुष वर्ग में दीपक पाल प्रथम, सचिन कुमार द्वितीय, उमेश प्रजापति तृतीय, सुभाष यादव चतुर्थ, मो. दानिश पांचवें, अमन सिंह छठवें, सोनू कश्यप सातवें, अमित सिंह आठवें, महेश यादव नौवें और विपिन यादव दसवें स्थान पर रहे।

महिला वर्ग में फूलन पाल प्रथम, श्रेया द्वितीय, अन्नू पाल तृतीय, बौद्ध चतुर्थ, प्राची वर्मा पांचवें, रागिनी छठवें, किरन सातवें, कोमल यादव आठवें, श्रेयांशी सिंह नौवें और चांदनी यादव दसवें स्थान पर रहीं।

प्रथम स्थान पाने वाले पुरुष और महिला प्रतिभागियों को 51-51 हजार रुपये, द्वितीय को 31-31 हजार, तृतीय को 21-21 हजार और चतुर्थ स्थान प्राप्त करने वाले प्रतिभागियों को 11-11 हजार रुपये पुरस्कार दिए गए। पांचवें से दसवें स्थान तक के प्रतिभागियों को पांच-पांच हजार रुपये, ट्रॉफी और प्रशस्ति पत्र देकर सम्मानित किया गया।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »