Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

Asian Games 2026 : एशियन गेम्स-2026 में अमेठी के लाल सलमान खान ने जीता कांस्य पदक

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

जनपद अमेठी के तिलोई क्षेत्र के पूरे सिंगई खेरौना निवासी सलमान खान ने एशियन गेम्स-2026 में शानदार प्रदर्शन करते हुए नौकायन (रोइंग) प्रतियोगिता में कांस्य पदक जीतकर जिले और देश का नाम रोशन किया है। जापान के नागोया शहर में आयोजित एशियाई खेलों में भारतीय नौकायन टीम का प्रतिनिधित्व करते हुए सलमान खान ने यह उल्लेखनीय उपलब्धि हासिल की।

कृषक परिवार से आने वाले सलमान खान, कासिम खान एवं जबुरन्निशा के पुत्र हैं। उनकी इस सफलता से पूरे अमेठी जनपद में हर्ष का माहौल है। सलमान खान ने अपनी उपलब्धि का श्रेय भारतीय सेना में सूबेदार के पद पर कार्यरत अंतरराष्ट्रीय नौकायन खिलाड़ी एवं कोच मोहम्मद आजाद (निवासी सुल्तानपुर) को दिया, जिनके मार्गदर्शन में उन्होंने खेल के क्षेत्र में नई ऊंचाइयों को छुआ।

सलमान खान के कांस्य पदक जीतने पर जिला खेल कार्यालय, अमेठी सहित खेल जगत से जुड़े खिलाड़ियों, प्रशिक्षकों एवं अधिकारियों ने उन्हें बधाई दी।

उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा, कनिष्ठ सहायक शिवकुमार मौर्य, अंतरराष्ट्रीय एथलीट सूबेदार राहुल पाल, राष्ट्रीय खिलाड़ी डॉ. अब्दुल हमीद, खेल प्रशिक्षक मोहम्मद आरिफ, मोहम्मद नदीम, प्रांतीय खिलाड़ी राजेश कनौजिया, पंकज दूबे, शहादत, राकेश कश्यप, महेंद्र पाल, मोहम्मद शकील, प्रधानाचार्य रवेन्द्र सिंह तथा जीतेंद्र कुमार सहित अनेक लोगों ने सलमान खान की उपलब्धि पर प्रसन्नता व्यक्त की।

उपक्रीड़ाधिकारी अरविंद सिंह कुशवाहा ने कहा कि सलमान खान की उपलब्धि अमेठी के युवा खिलाड़ियों के लिए प्रेरणास्रोत है। उनकी सफलता से नौकायन खेल के प्रति युवाओं का रुझान बढ़ेगा तथा जिले की खेल प्रतिभाओं को आगे बढ़ने का नया उत्साह मिलेगा।

उन्होंने विश्वास जताया कि भविष्य में अमेठी के खिलाड़ी राष्ट्रीय और अंतरराष्ट्रीय स्तर पर और भी बेहतर प्रदर्शन कर जिले का गौरव बढ़ाएंगे।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »