CRIME NEWS : खाना बनाने को लेकर विवाद में भाभी की हत्या का आरोप, देवर गिरफ्तार
1 min read


रिपोर्ट – लोकदस्तक संवाददाता
– हत्या मर प्रयुक्त लोहे की फन्टी बरामद
अमेठी, उप्र ।
थाना जामो पुलिस ने हत्या के एक मामले में वांछित 23 वर्षीय युवक को गिरफ्तार करने का दावा किया है। पुलिस के अनुसार, गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर हत्या में प्रयुक्त लोहे की फन्टी भी बरामद की गई है।
पुलिस के मुताबिक, यह कार्रवाई 21 अगस्त को अपराध एवं अपराधियों के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत की गई। क्षेत्राधिकारी गौरीगंज अखिलेश वर्मा के नेतृत्व में थाना जामो पुलिस क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर की सूचना पर मु0अ0सं0 203/26, धारा 103(1) बीएनएस में वांछित अभियुक्त देवा पुत्र पारसनाथ (उम्र करीब 23 वर्ष), निवासी पूरे दीवान मजरे पूरे चितई, थाना जामो, अमेठी को गिरफ्तार किया गया।
खाना बनाने को लेकर हुआ था विवाद
पुलिस की पूछताछ में अभियुक्त ने कथित तौर पर बताया कि उसकी भाभी कई दिनों से मायके में रह रही थीं और 19 अगस्त को घर वापस आई थीं। खाना बनाने और खाना देने को लेकर विवाद के दौरान गुस्से में उसने उनकी गर्दन दबा दी। इसके बाद पास में रखी लोहे की फन्टी से उनके सिर और चेहरे पर कई वार किए, जिससे उनकी मौत हो गई।
पुलिस के अनुसार, वारदात के बाद अभियुक्त ने कथित तौर पर घटना को अलग रूप देने का प्रयास किया। उसने घर में रखे सब्जी काटने वाले चाकू पर खून लगाकर उसे मौके के पास रख दिया और लोगों को बताया कि उसकी भाभी ने खुद को चाकू मार लिया है।
बक्से से बरामद हुई लोहे की फन्टी
पुलिस का कहना है कि गिरफ्तार अभियुक्त की निशानदेही पर घर में रखे बक्से से हत्या में प्रयुक्त लोहे की फन्टी बरामद की गई। गिरफ्तारी और बरामदगी के आधार पर थाना जामो पुलिस द्वारा अग्रिम वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।
गिरफ्तार करने वाली पुलिस टीम
इस कार्रवाई में प्रभारी निरीक्षक विनोद कुमार सिंह, उपनिरीक्षक राम किशोर रावत, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार , हेड कांस्टेबल ओंकार सिंह तथा कांस्टेबल ऋषभ सिंह शामिल रहे।

