अवैध निर्माण पर गरजा प्रशासन का बुलडोजर
1 min read
अमेठी।
शुक्रवार को थानाक्षेत्र के अशरफपुर गांव में एसडीएम के निर्देश पर पुलिस और राजस्व विभाग की टीम ने खलिहान की भूमि पर बनी अवैध इमारत को बुलडोजर की मदद से ढहा कर भूमि को कब्जा मुक्त कराया है।
तिलोई तहसील क्षेत्र के ग्राम अशरफपुर मजरे अगुरी में राजस्व टीम की ओर से कानूनगो समर बहादुर व लेखपाल वेद प्रकाश मिश्रा ने पुलिस के सहयोग से सरकारी अभिलेख में खलियान के नाम दर्ज गाटा संख्या 305 जिस पर गांव के रामकेवल यादव द्वारा लंबे समय से कब्जा कर रखा था।
गांव के ही रामदेव की शिकायत पर एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने सख्त रवैया अपनाते हुए राजस्व टीम को मौके पर भेजकर खलिहान की भूमि पर बने पक्के निर्माण को हटवाया। जेसीबी की मदद से इमारत की छत, दीवार और नींव तोड़ी गई। प्रशासन द्वारा की गई कार्यवाही से क्षेत्र के अन्य भूमाफियाओं में खलबली मची है।

लेखपाल ने बताया कि पूर्व में तहसील प्रशासन द्वारा खलिहान की भूमि पर कब्जा करने के आरोप में भू माफिया रामकेवल पर चालीस हजार पांच सौ रुपए का जुर्माना लगाते हुए बेदखली का आदेश जारी किया गया था I
बावजूद इसके जुर्माना न भरने व भूमि से अतिक्रमण न हटाने पर उच्चाधिकारियों के आदेश पर विभागीय कार्यवाही की गई है। मामले में एसडीएम फाल्गुनी सिंह ने बताया कि सरकारी भूमि पर कब्जा करने वाले किसी भी भू माफियाओं को बख्शा नहीं जाएगा।



