Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

VALMIKI JAYANTI : सामाजिक समरसता, समानता और सम्मान का संदेश लेकर आगे बढ़ रही भाजपा : सुनील सिंह

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट –  लोक दस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

भारतीय जनता पार्टी जनपद अमेठी के तत्वावधान में विधानसभा जगदीशपुर में अनुसूचित मोर्चा के जिलाध्यक्ष रोहित चौधरी के नेतृत्व में महर्षि वाल्मीकि जयंती के पावन अवसर पर भव्य कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस अवसर पर वाल्मीकि समाज के प्रबुद्धजनों एवं गणमान्य नागरिकों को सम्मानित कर सामाजिक समरसता, समानता और आपसी सद्भाव का प्रेरणादायी संदेश दिया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में भारतीय जनता पार्टी अमेठी के जिला प्रभारी  सुनील सिंह उपस्थित रहे। उन्होंने महर्षि वाल्मीकि जी के चित्र पर पुष्प अर्पित कर उन्हें नमन किया तथा उनके जीवन, आदर्शों और महान कृतित्व को स्मरण किया।

इस अवसर पर जिला प्रभारी सुनील सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि महर्षि वाल्मीकि जी का जीवन और उनका महान कृतित्व हमें यह संदेश देता है कि व्यक्ति की पहचान उसकी योग्यता, कर्म, ज्ञान और चरित्र से होती है, न कि किसी सामाजिक भेदभाव से। महर्षि वाल्मीकि जी की वंदना और उनके आदर्शों का अनुसरण करते हुए हम सभी को ऊंच-नीच के भेदभाव से ऊपर उठकर प्रत्येक व्यक्ति को समान सम्मान और अवसर प्रदान करने का संकल्प लेना चाहिए।

उन्होंने कहा कि भारतीय जनता पार्टी सदैव ‘सबका साथ, सबका विकास, सबका विश्वास और सबका प्रयास’ के मूल मंत्र के साथ समाज के प्रत्येक वर्ग के उत्थान एवं सम्मान के लिए कार्य करती रही है। पार्टी का ध्येय एक ऐसे समरस समाज का निर्माण करना है, जहां प्रत्येक नागरिक को सम्मान, समान अवसर और राष्ट्र निर्माण में सहभागिता मिले। महर्षि वाल्मीकि जी के विचार आज भी समाज को एकता, सद्भाव और मानवीय मूल्यों की प्रेरणा प्रदान करते हैं।

कार्यक्रम के दौरान वाल्मीकि समाज के गणमान्य नागरिकों का सम्मान कर उनके सामाजिक योगदान के प्रति आभार व्यक्त किया गया। उपस्थित जनों ने महर्षि वाल्मीकि जी के आदर्शों को आत्मसात करने तथा सामाजिक समरसता को मजबूत बनाने का संकल्प लिया।

भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह ने जानकारी देते हुए बताया इस अवसर पर भाजपा जिला उपाध्यक्ष  उपमा सरोज, जिला उपाध्यक्ष हिन्देश सिंह, डॉ राजेंद्र पासी,मंडल अध्यक्ष शेखर तिवारी सहित पार्टी के पदाधिकारी, कार्यकर्ता एवं बड़ी संख्या में वाल्मीकि समाज के नागरिक उपस्थित रहे।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »