Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

AMETHI UPDATE : तिलोई स्थित मेडिकल कॉलेज का जिलाधिकारी ने किया स्थलीय निरीक्षण

1 min read
Spread the love

रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता 

अमेठी, उप्र ।

जिलाधिकारी शशांक चौधरी ने रविवार को तहसील तिलोई स्थित नवनिर्मित मेडिकल कॉलेज का स्थलीय निरीक्षण कर निर्माण कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता एवं परिसर में विकसित की जा रही विभिन्न सुविधाओं का जायजा लिया।

इस दौरान उन्होंने पूरे परिसर का भ्रमण कर निर्माण कार्यों का बारीकी से निरीक्षण किया तथा संबंधित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों से परियोजना की वर्तमान स्थिति की जानकारी प्राप्त की।

जिलाधिकारी ने शेष निर्माण एवं फिनिशिंग कार्यों को निर्धारित समयसीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूर्ण करने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था की ओर से जिलाधिकारी को अवगत कराया गया कि मेडिकल कॉलेज का लगभग 98.5 प्रतिशत निर्माण कार्य पूर्ण हो चुका है। कुछ फिनिशिंग एवं अन्य छोटे-मोटे कार्य शेष हैं, जिन्हें शीघ्र पूरा कराने की प्रक्रिया चल रही है।

इस पर जिलाधिकारी ने निर्देशित किया कि शेष कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए तथा निर्माण में गुणवत्ता एवं निर्धारित मानकों का विशेष ध्यान रखा जाए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने मेडिकल कॉलेज परिसर में सीवर सिस्टम, सभी ब्लॉकों में जलापूर्ति व्यवस्था, आंतरिक सड़कों के निर्माण, ड्रेनेज सिस्टम तथा बायोमेडिकल वेस्ट के सुरक्षित निस्तारण की प्रस्तावित व्यवस्था का गहनता से निरीक्षण किया।

उन्होंने संबंधित कार्यकारी संस्था से इन व्यवस्थाओं की वर्तमान स्थिति के संबंध में जानकारी लेते हुए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी ने स्पष्ट किया कि मेडिकल कॉलेज में स्थापित किए जाने वाले सभी उपकरण निर्धारित मानकों के अनुरूप एवं गुणवत्तापूर्ण होने चाहिए। साथ ही, अस्पताल एवं शैक्षणिक भवनों में मरीजों, चिकित्सकों, विद्यार्थियों तथा अन्य कर्मचारियों की आवश्यकताओं को ध्यान में रखते हुए सभी बुनियादी सुविधाओं को व्यवस्थित ढंग से विकसित किया जाए।

उन्होंने शेष कार्यों को अनावश्यक रूप से लंबित न रखने तथा निर्माण की गुणवत्ता सुनिश्चित करते हुए जल्द पूरा कराने पर जोर दिया।

मेडिकल कालेज में क्या होंगी सुविधाएं

उल्लेखनीय है कि तिलोई में मेडिकल कॉलेज का निर्माण लोक निर्माण विभाग, अयोध्या इकाई द्वारा लगभग 16.5 एकड़ भूमि पर कराया गया है। इस परियोजना के अंतर्गत आधुनिक चिकित्सा सुविधाओं एवं चिकित्सा शिक्षा के लिए विभिन्न भवनों का निर्माण किया जा रहा है। परियोजना में 300 बेड का अस्पताल, 50 बेड का क्रिटिकल केयर ब्लॉक तथा 100 सीटों की क्षमता वाला मेडिकल कॉलेज एवं एकेडमिक ब्लॉक शामिल हैं।

इसके अतिरिक्त विद्यार्थियों के लिए बालक एवं बालिका छात्रावास, पार्किंग सहित अन्य आवश्यक सुविधाएं विकसित की जा रही हैं। परिसर में 60 सीटों की क्षमता वाले नर्सिंग कॉलेज का भी निर्माण कराया जा रहा है। मेडिकल कॉलेज के पूर्ण होने पर जनपद एवं आसपास के क्षेत्रों में चिकित्सा सेवाओं और चिकित्सा शिक्षा से जुड़ी सुविधाओं को विस्तार मिलेगा।

इससे क्षेत्र के लोगों को बेहतर स्वास्थ्य सुविधाएं उपलब्ध कराने की दिशा में महत्वपूर्ण आधार तैयार होगा। जिलाधिकारी ने निरीक्षण के दौरान कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधियों को निर्देशित किया कि सभी शेष कार्यों को निर्धारित मानकों के अनुसार शीघ्र पूरा किया जाए।

उन्होंने विशेष रूप से निर्माण की गुणवत्ता, तकनीकी व्यवस्थाओं, आवश्यक उपकरणों तथा परिसर की मूलभूत सुविधाओं पर ध्यान देने को कहा, ताकि परियोजना के सभी घटक व्यवस्थित रूप से तैयार हो सकें।

निरीक्षण के दौरान मेडिकल कॉलेज की प्राचार्य डॉ. रीना शर्मा सहित कार्यदायी संस्था के प्रतिनिधि उपस्थित रहे।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »