CRIME NEWS : जामो पुलिस ने लूट की कोशिश करने वाले दो आरोपियों को दबोचा, पिस्टल-कारतूस और दो बाइक बरामद
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र।
जामो थाना पुलिस ने लूट का प्रयास करने के मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इनके कब्जे से घटना में प्रयुक्त एक पिस्टल, दो जिंदा कारतूस और दो मोटरसाइकिलें बरामद की हैं। वहीं, घटना में शामिल एक बाल अपचारी को भी नियमानुसार पुलिस निगरानी में लिया गया है।
पुलिस के मुताबिक, पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के निर्देशन और अपर पुलिस अधीक्षक ज्ञानेन्द्र कुमार सिंह के पर्यवेक्षण में अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में जामो पुलिस 22 अगस्त की रात क्षेत्र में संदिग्ध व्यक्तियों और वाहनों की चेकिंग कर रही थी। इसी दौरान लूट का प्रयास करने के आरोप में दो युवकों को गिरफ्तार किया गया।
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान प्रान्जल शुक्ला (22) पुत्र आध्या प्रसाद निवासी पूरे अयोध्या शुकुल, बीरीपुर, थाना जामो और शान बाबू (18) पुत्र इंतजार निवासी रामपुर, थाना जामो, अमेठी के रूप में हुई है।
पिस्टल और दो कारतूस बरामद
पुलिस ने आरोपियों के पास से घटना में प्रयुक्त .32 बोर की एक पिस्टल और दो जिंदा कारतूस बरामद किए हैं। इसके अलावा हीरो स्प्लेण्डर प्लस (UP36Y7836) और हीरो एचएफ डीलक्स बिना नंबर प्लेट की दो मोटरसाइकिलें भी बरामद हुई हैं। पुलिस के अनुसार दोनों वाहनों के कागजात मांगे जाने पर आरोपी उन्हें प्रस्तुत नहीं कर सके।
आर्म्स एक्ट समेत मुकदमा दर्ज
जामो पुलिस ने मामले में मु0अ0सं0 207/26, धारा 312 बीएनएस और 3/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज किया है। वहीं, बिना नंबर प्लेट वाली मोटरसाइकिल समेत दोनों वाहनों के संबंध में धारा 207 एमवी एक्ट के तहत कार्रवाई की गई है। पुलिस द्वारा मामले में आवश्यक विधिक कार्रवाई की जा रही है।
यह पुलिस टीम रही शामिल
गिरफ्तारी और बरामदगी करने वाली टीम में उपनिरीक्षक हवलदार यादव, उपनिरीक्षक विराग कुमार मिश्र, उपनिरीक्षक दिलीप कुमार और कांस्टेबल सौरभ सिंह, थाना जामो शामिल रहे।
थाना प्रभारी विनोद कुमार सिंह का कहना है कि क्षेत्र में अपराध पर अंकुश लगाने और आपराधिक गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ अभियान आगे भी जारी रहेगा।

