CRIME NEWS : अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़, 16 तमंचों के साथ दो गिरफ्तार
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र ।
जिले के बाजारशुक्ल थाना पुलिस ने अपराध एवं अपराधियों के खिलाफ चलाए जा रहे ऑपरेशन चक्रव्यूह अभियान के तहत बड़ी कार्रवाई करते हुए अवैध शस्त्र फैक्ट्री का भंडाफोड़ किया है। पुलिस ने मौके से 11 निर्मित और 5 अर्द्धनिर्मित अवैध शस्त्र समेत कुल 16 तमंचे,चार जिंदा व दो खोखा कारतूस तथा भारी मात्रा में शस्त्र बनाने के उपकरण बरामद किए हैं। मामले में दो आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।
पुलिस के अनुसार, 23 सितंबर को क्षेत्राधिकारी मुसाफिरखाना अतुल कुमार सिंह के नेतृत्व में बाजारशुक्ल पुलिस क्षेत्र में गश्त कर रही थी। इसी दौरान मुखबिर से सूचना मिली कि पाली जंगल में कुछ लोग अवैध हथियार बना रहे हैं। सूचना पर पुलिस टीम ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की और दो आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया।
आरोपियों की पहचान
गिरफ्तार आरोपियों की पहचान कौशल किशोर पुत्र गोपी निवासी नवीपनाह, थाना माल, जनपद लखनऊ, उम्र करीब 30 वर्ष और छोटू पुत्र सुकरू निवासी नवीपनाह, थाना माल, जनपद लखनऊ, उम्र करीब 21 वर्ष के रूप में हुई।
बरामदगी
पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 315 बोर के 9 तमंचे, दो जिंदा और दो खोखा कारतूस, 12 बोर के दो तमंचे, दो जिंदा कारतूस और पांच अर्द्धनिर्मित तमंचे बरामद किए। इसके अलावा 52 रिपिट, 18 हैमर, 15 लोहे की नाल, 12 बट, 45 स्प्रिंग, 34 कील, 9 ट्रिगर, फायरिंग पिन, हथौड़ी, रेती, सड़सी, धुकनी/भट्टी समेत हथियार बनाने में इस्तेमाल होने वाले अन्य उपकरण भी बरामद हुए।
पूछताछ में आरोपियों ने पुलिस को बताया कि वे लखनऊ के रहने वाले हैं और मिलकर अवैध हथियार बनाते हैं। पकड़े जाने से बचने के लिए सुनसान स्थानों पर जगह बदल-बदलकर हथियार तैयार करते थे और इन्हें लखनऊ व आसपास के जनपदों में बेचते थे।
आपराधिक मुकदमे हुए दर्ज
पुलिस ने दोनों आरोपियों के खिलाफ मु0अ0सं0 241/26, धारा 3/5/25 आर्म्स एक्ट के तहत मुकदमा दर्ज कर आवश्यक विधिक कार्रवाई शुरू कर दी है। मौके से बरामद स्प्लेंडर मोटरसाइकिल के कागजात भी आरोपी नहीं दिखा सके, जिस पर मोटर वाहन अधिनियम के तहत कार्रवाई की गई।
पुलिस टीम को नगद इनाम
इस कार्रवाई को अंजाम देने वाली पुलिस टीम को पुलिस अधीक्षक अमेठी सरवणन टी. के. ने 25 हजार रुपये नकद पुरस्कार देने की घोषणा की है।

