Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

POLITICLE NEWS : मतदाता सूची में धांधली का आरोप, कांग्रेस पर लोकतंत्र से खिलवाड़ का हमला

1 min read
Spread the love

 

रिपोर्ट -लोकदस्तक संवाददाता

अमेठी, उप्र।

भारतीय जनता पार्टी अमेठी ने कांग्रेस पार्टी पर मतदाता सूची के विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान के दौरान खुलेआम धांधली, फर्जी नाम जुड़वाने और दलित-पिछड़ा-सामान्य वर्ग के मतदाताओं के नाम जानबूझकर कटवाने का गंभीर आरोप लगाया है। इसी के विरोध में भाजपा के एक विशाल प्रतिनिधिमंडल ने गौरीगंज स्थित कलेक्ट्रेट पहुंचकर जिलाधिकारी महोदय को ज्ञापन सौंपा।

भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कांग्रेस पर करारा प्रहार करते हुए कहा कि “अमेठी में कांग्रेस का इतिहास लोकतंत्र को कुचलने, बूथ कैप्चरिंग कराने और फर्जी मतदान के सहारे चुनाव जीतने का रहा है। कांग्रेस को जनता पर भरोसा नहीं, इसलिए वह हर चुनाव में वोट चोरी का रास्ता अपनाती है।”

उन्होंने कहा कि अमेठी की जनता यह नहीं भूली है कि 2014 के लोकसभा चुनाव में जगदीशपुर विधानसभा के ग्राम थौरी और गौरीगंज विधानसभा के गुर्जर टोला में जबरन फर्जी मतदान कराकर चुनाव को प्रभावित किया गया था। आज वही कांग्रेस एक बार फिर मतदाता सूची में हेराफेरी कर लोकतंत्र की जड़ों पर प्रहार कर रही है।

सुधांशु शुक्ला ने आरोप लगाया कि वर्तमान में चल रहे विशेष गहन पुनरीक्षण अभियान में कांग्रेस सुनियोजित साजिश के तहत फर्जी नाम जुड़वा रही है और भाजपा समर्थक, दलित, पिछड़ा एवं सामान्य वर्ग के वास्तविक मतदाताओं के नाम कटवाने का षड्यंत्र रच रही है।

उन्होंने 4 फरवरी 2026 की घटना का उल्लेख करते हुए बताया कि ग्राम ठेंगहा, तहसील अमेठी, बूथ संख्या 207 व 208 पर पुनरीक्षण अभियान के दौरान कांग्रेस पार्टी के जिला सचिव राकेश कुमार मौर्य एवं उनकी पत्नी (जो किसी अन्य बूथ की BLO हैं) ने कार्यकर्ताओं को डराने-धमकाने, फॉर्म भरने से रोकने और माहौल खराब करने की कोशिश की। विरोध होने पर वे वहां से भाग खड़े हुए।

इसके बाद कांग्रेस जिला सचिव द्वारा भाजपा जिला अध्यक्ष को बदनाम करने और झूठे मुकदमे में फंसाने की नीयत से एक पूरी तरह मनगढ़ंत, झूठा और दुर्भावनापूर्ण प्रार्थना पत्र उप जिलाधिकारी अमेठी को दिया गया, जो यह साबित करता है कि कांग्रेस अब प्रशासन को गुमराह कर लोकतांत्रिक प्रक्रिया को प्रभावित करना चाहती है।

भाजपा जिला अध्यक्ष ने दो टूक शब्दों में कहा कि “कांग्रेस की यह साजिश अब ज्यादा दिन नहीं चलेगी। अगर निष्पक्ष जांच नहीं हुई तो भाजपा सड़कों पर उतरकर लोकतंत्र की रक्षा करेगी।”
भाजपा प्रतिनिधिमंडल ने चुनाव आयोग, माननीय मुख्यमंत्री उत्तर प्रदेश एवं जिलाधिकारी अमेठी से मांग की कि कांग्रेस के झूठे आरोपों और मतदाता सूची में धांधली की उच्चस्तरीय जांच कराई जाए तथा दोषियों के विरुद्ध कड़ी से कड़ी कार्रवाई सुनिश्चित की जाए, ताकि निष्पक्ष और पारदर्शी चुनाव प्रक्रिया को बचाया जा सके।

इनकी रही मौजूदगी

इस अवसर पर प्रतिनिधिमंडल में भाजपा जिला अध्यक्ष सुधांशु शुक्ला, निवर्तमान जिला अध्यक्ष रामप्रसाद मिश्रा, पूर्व जिला अध्यक्ष दुर्गेश त्रिपाठी, उमाशंकर पांडे, भाजपा प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह, जिला उपाध्यक्ष भवानी दत्त दीक्षित, प्रवीण सिंह, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष विषुव मिश्रा, ब्लॉक प्रमुख प्रतिनिधि राकेश विक्रम सिंह, कृष्ण कुमार सिंह, उमेश प्रताप सिंह, जिला मंत्री प्रभात शुक्ला, मनोज जायसवाल, जिला कार्यालय मंत्री अरुण मिश्रा, पिछड़ा मोर्चा जिला अध्यक्ष घनश्याम चौरसिया, पूर्व मंडल अध्यक्ष संतोष द्विवेदी,अमरेन्द्र सिंह पिण्टू,अजय सिंह सहित बड़ी संख्या में भाजपा पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता मौजूद रहे।

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »