CRIME NEWS : दुबई फरार पति-ससुर… पीड़िता बोली—मुझ पर दूसरी शादी का दबाव, दी गई धमकियाँ
1 min read

रिपोर्ट – लोकदस्तक संवाददाता
अमेठी, उत्तर प्रदेश ।
थाना बाजार शुक्ल पुलिस ने एक महिला की तहरीर पर उसके पति व ससुर समेत 12 लोगों के खिलाफ मुकदमा दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। महिला का आरोप है कि दूसरी शादी कराने के बाद पति और ससुर दुबई फरार हो गए।
थाना क्षेत्र के ग्राम किशनी मजरे किशनी निवासी बीबी आयशा का कहना है कि उनका निकाह 6 फरवरी 2022 को मो. उस्मान पुत्र उस्मान गनी निवासी ग्राम बसौढ़ी, थाना पटरंगा (अयोध्या) के साथ हुआ था।
शादी के बाद से ही ससुराल पक्ष द्वारा मानसिक व शारीरिक उत्पीड़न किया जाने लगा। वह पहले भी इस मामले में थाना बाजार शुक्ल में मुकदमा दर्ज करा चुकी हैं। पीड़िता के अनुसार, 17 दिसंबर 2025 को पति ने बिना जानकारी और सहमति के किसवा नाम की युवती से दूसरी शादी कर ली। इसकी जानकारी उन्हें बाद में हुई।
आरोप है कि दूसरी शादी के कुछ ही समय बाद पति मो. उस्मान और ससुर उस्मान गनी दुबई चले गए। महिला का आरोप है कि यह दूसरी शादी साजिश के तहत कराई गई, जिसमें पति, ससुर, सास नगमा बेगम, ननदें सैय्यदा फातिमा, नुसरा, फैजा, फलक समेत कुल 12 लोगों को नामजद किया गया है।
बीबी आयशा ने आरोप लगाया कि जब उन्होंने सास से फोन पर सवाल किया तो गालियां दी गईं और जान से मारने की धमकी दी गई। थानाध्यक्ष विवेक वर्मा ने बताया कि महिला की तहरीर पर मुकदमा दर्ज कर जांच उप निरीक्षक सत्य प्रकाश तिवारी को सौंपी गई है।
पुराने मुकदमे के विवेचक और पासपोर्ट दोनों की जांच
एसपी अर्पण रजत कौशिक ने बताया कि आरोपियों के दुबई जाने के संबंध में पासपोर्ट, वीजा और यात्रा दस्तावेजों की जांच कराई जा रही है। आरोपी अयोध्या के थाना पटरंगा क्षेत्र के निवासी हैं, इसलिए वहां की पुलिस से भी समन्वय किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि महिला द्वारा पहले दर्ज कराए गए मुकदमे के विवेचक साबिर अली की भूमिका की भी जांच की जा रही है। पुरानी केस डायरी मंगाकर परीक्षण किया जा रहा है। जरूरत पड़ने पर आगे की कार्रवाई की जाएगी।

