Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

AMETHI UPDATE : धूमधाम से संपन्न हुआ सामूहिक विवाह समारोह, 271 जोड़े बने हमसफर

1 min read
Spread the love

 

लोक दस्तक संवाददाता 

राज्यमंत्री ने नवविवाहित जोड़ों को दिया सुखी दांपत्य जीवन का आशीर्वाद, आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों को मिल रही विवाह में सहायता

अमेठी, उप्र।

उत्तर प्रदेश सरकार की महत्वाकांक्षी मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत आज 05 नवंबर को राजा विश्वनाथ शरण इंटर कॉलेज, तिलोई में भव्य सामूहिक विवाह समारोह का आयोजन किया गया। समारोह में कुल 271 जोड़ों का विवाह उनकी धार्मिक परंपराओं एवं रीति-रिवाजों के अनुसार संपन्न कराया गया। इनमें हिंदू रीति-रिवाज से 261 जोड़ों तथा मुस्लिम समुदाय के 10 जोड़ों का निकाह संपन्न हुआ।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि प्रदेश सरकार के संसदीय कार्य एवं चिकित्सा स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने नवविवाहित जोड़ों को सुखद, समृद्ध एवं खुशहाल दांपत्य जीवन की शुभकामनाएं देते हुए आशीर्वाद प्रदान किया। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों के लिए एक महत्वपूर्ण सहारा है।

इस योजना के माध्यम से बेटियों के विवाह की जिम्मेदारी में सरकार सहभागी बन रही है और जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक संबल प्रदान किया जा रहा है। इस अवसर पर कृष्ण कुमार सिंह उर्फ मुन्ना सिंह प्रतिनिधि ब्लॉक प्रमुख तिलोई, ब्लॉक प्रमुख सिंहपुर अंकित पासी, ब्लॉक प्रमुख बहादुरपुर रामकली तथा प्रधान संघ अध्यक्ष वीरेन्द्र तिवारी, अर्जुन सिंह भदौरिया सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने भी नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव ने बताया कि मुख्यमंत्री सामूहिक विवाह योजना के अंतर्गत पात्र जोड़ों के विवाह के लिए प्रति जोड़ा कुल एक लाख रुपये की सहायता का प्रावधान है। इसमें गृहस्थी की स्थापना के लिए 64 हजार रुपये की धनराशि कन्या के बैंक खाते में सीधे हस्तांतरित की जाती है। इसके अतिरिक्त 21 हजार रुपये की उपहार सामग्री प्रदान की जाती है तथा 15 हजार रुपये समारोह के आयोजन पर व्यय किए जाते हैं।

उन्होंने बताया कि योजना का मुख्य उद्देश्य आर्थिक रूप से कमजोर एवं जरूरतमंद परिवारों को बेटियों के विवाह में आर्थिक सहायता उपलब्ध कराना तथा विवाह के कारण परिवारों पर पड़ने वाले आर्थिक बोझ को कम करना है। उन्होंने कहा कि योजना के माध्यम से विभिन्न समुदायों के पात्र जोड़ों को उनकी धार्मिक मान्यताओं एवं परंपराओं के अनुरूप विवाह का अवसर उपलब्ध कराया जा रहा है। सामूहिक विवाह आयोजन से जहां जरूरतमंद परिवारों को आर्थिक सहायता मिल रही है, वहीं समाज में आपसी सहयोग, सामाजिक समरसता एवं समानता की भावना भी मजबूत हो रही है।

कार्यक्रम में जिलाधिकारी शशांक चौधरी, मुख्य विकास अधिकारी पूजा साहू, मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. अंशुमान सिंह, जिला पंचायत राज अधिकारी, उपजिलाधिकारी तिलोई, जिला पिछड़ा वर्ग कल्याण अधिकारी, जिला अल्पसंख्यक कल्याण अधिकारी, जिला समाज कल्याण अधिकारी राम नगीना यादव, खंड विकास अधिकारी तिलोई, बहादुरपुर एवं सिंहपुर सहित संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

 

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »