AMETHI NEWS : अपर्णा यादव ने नौ गरीब-अनाथ बच्चियों को बांटी 13.59 लाख की सहायता, कहा चुनाव आयोग का करें सम्मान
1 min read
रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र ।
उत्तर प्रदेश राज्य महिला आयोग की उपाध्यक्ष अपर्णा यादव ने रविवार शाम अमेठी के रामलीला मैदान में आयोजित रामलीला कार्यक्रम में शिरकत की। इस दौरान उन्होंने देश की संवैधानिक संस्थाओं के सम्मान की अपील करते हुए सामाजिक सहयोग की बड़ी मिसाल भी पेश की।
रामलीला मैदान में मीडिया से बातचीत के दौरान अपर्णा यादव ने चुनाव आयोग को लेकर पूछे गए सवाल पर कहा कि चुनाव आयोग देश की एक बड़ी और महत्वपूर्ण संस्था है। इस विषय पर पहले ही बहुत बयान आ चुके हैं, लेकिन सभी लोगों को चुनाव आयोग का सम्मान करना चाहिए। उन्होंने कहा कि लोकतंत्र में संवैधानिक संस्थाओं का सम्मान जरूरी है।
नौ बच्चियों को मिली 13.59 लाख की सहायता
कार्यक्रम के दौरान रामलीला समिति की ओर से एक सराहनीय पहल की गई। नवमी के अवसर पर नौ गरीब और अनाथ बच्चियों को शादी के लिए आर्थिक सहायता प्रदान की गई। रामलीला समिति के अध्यक्ष एवं जिला पंचायत अध्यक्ष राजेश अग्रहरि उर्फ राजेश मसाला की ओर से प्रत्येक बच्ची को 1.51 लाख रुपये की सहायता राशि दी गई। इस प्रकार कुल 13 लाख 59 हजार रुपये की राशि वितरित की गई। इस अवसर पर MLC शैलेन्द्र प्रताप सिंह भी मौजूद रहे।
समिति के अनुसार, ये सभी बच्चियां आर्थिक रूप से कमजोर परिवारों से ताल्लुक रखती हैं और इनके माता-पिता का निधन हो चुका है। बच्चियों की शादी में आर्थिक बाधा न आए, इसलिए यह मदद दी गई।
अपर्णा यादव ने इस पहल की सराहना करते हुए कहा कि गरीब और अनाथ बच्चियों की शादी के लिए इतनी बड़ी धनराशि देना अत्यंत सराहनीय कार्य है। समाज के सक्षम लोगों को ऐसे कार्यों के लिए आगे आना चाहिए।
इस युग के रावणों को राम से प्रेरणा लेनी चाहिए
रामलीला के महत्व पर बोलते हुए अपर्णा यादव ने कहा कि इस युग के रावणों को प्रभु श्रीराम से प्रेरणा लेनी चाहिए। रामलीला मंच भगवान राम के आदर्श, मर्यादा और जीवन मूल्यों को आत्मसात करने का संदेश देता है। इस मौके पर समिति के पदाधिकारी और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।


