अमेठी में मतदाता सूची को लेकर विशेष अभियान, डीएम-एसपी ने मतदान केंद्रों का किया निरीक्षण
1 min read
मतदाता सूची में छूटे हुए एवं नए युवा मतदाताओं के पंजीकरण के लिए जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित
*डीएम और एसपी ने मतदान केंद्रों का किया संयुक्त निरीक्षण, बीएलओ को पात्र मतदाताओं का पंजीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश।*
*प्रथम बार मतदाता बने युवाओं से मिले डीएम-एसपी, लोकतंत्र की मजबूती के लिए प्रत्येक निर्वाचन में मतदान करने की अपील।*
अमेठी। भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशों के क्रम में निर्वाचक नामावली में छूटे हुए पात्र नागरिकों तथा प्रथम बार मतदाता बनने वाले युवाओं के नाम शामिल कराने के उद्देश्य से शनिवार को जनपद के सभी मतदान केंद्रों पर विशेष शिविर आयोजित किए गए। इस दौरान जिला निर्वाचन अधिकारी/जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने संयुक्त रूप से विभिन्न मतदान केंद्रों का निरीक्षण कर मतदाता पंजीकरण अभियान की प्रगति का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए। जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने मतदान केंद्र राजकीय बालिका इंटर कॉलेज (जीजीआईसी), कस्बा गौरीगंज, मॉडल प्राथमिक विद्यालय मिश्रौली तथा कंपोजिट विद्यालय धनी जलालपुर का निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने बूथों पर उपस्थित बूथ लेवल अधिकारियों (बीएलओ) एवं सुपरवाइजर से विशेष शिविर के अंतर्गत प्राप्त आवेदनों, फार्मों की स्थिति और पात्र मतदाताओं के पंजीकरण की प्रगति के संबंध में जानकारी प्राप्त की। डीएम ने अभियान को प्रभावी बनाने तथा पात्र नागरिकों तक इसकी जानकारी पहुंचाने के लिए आवश्यक निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान जिलाधिकारी ने बीएलओ एवं सुपरवाइजर को निर्देशित किया कि मतदाता सूची में नाम शामिल कराने से छूटे हुए पात्र नागरिकों और पहली बार मतदाता बनने वाले युवाओं की पहचान कर उनका पंजीकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने महिला मतदाताओं के नाम शामिल कराने तथा निर्वाचक नामावली में नाम हटाने से संबंधित मामलों में भी निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवश्यक फार्म भरवाने और नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि विशेष अभियान का उद्देश्य यह सुनिश्चित करना है कि कोई भी पात्र नागरिक मतदाता सूची में नाम दर्ज कराने से वंचित न रहे। इसके लिए सभी बीएलओ अपने-अपने मतदान क्षेत्रों में सक्रिय रहकर पात्र नागरिकों को पंजीकरण प्रक्रिया की जानकारी दें तथा प्राप्त आवेदनों की नियमानुसार जांच एवं अग्रिम कार्रवाई सुनिश्चित करें। जिलाधिकारी ने सुपरवाइजरों को निर्देश दिए कि ग्राम प्रधानों, कोटेदारों और बुलावा टोलियों के माध्यम से गांवों में विशेष शिविर की जानकारी व्यापक रूप से पहुंचाई जाए। लोगों को जागरूक किया जाए कि वे मतदाता सूची में अपना नाम जांचें और नाम दर्ज न होने की स्थिति में निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार आवेदन करें। उन्होंने अभियान के प्रचार-प्रसार में स्थानीय स्तर पर जनसहभागिता बढ़ाने तथा अधिक से अधिक पात्र नागरिकों तक पहुंच बनाने पर भी जोर दिया। मतदाता पंजीकरण अभियान के दौरान जीजीआईसी कस्बा गौरीगंज स्थित मतदान केंद्र पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने पहली बार मतदाता बने उत्पन्न बंसल और शुभम बंसल से बातचीत की। दोनों युवाओं को पहली बार मताधिकार प्राप्त करने पर बधाई देते हुए डीएम व एसपी ने उनके साथ फोटो भी खिंचवाई। इस अवसर पर जिलाधिकारी एवं पुलिस अधीक्षक ने युवाओं को लोकतांत्रिक प्रक्रिया में सक्रिय भागीदारी के लिए प्रेरित किया। उन्होंने अपील की कि सभी युवा अपने मताधिकार के महत्व को समझें और आगामी प्रत्येक निर्वाचन में अपने मत का प्रयोग अवश्य करें। उन्होंने कहा कि मतदाता सूची में नाम दर्ज होना लोकतांत्रिक प्रक्रिया में भागीदारी का पहला महत्वपूर्ण कदम है। इसलिए पात्र युवाओं को समय से अपना पंजीकरण कराना चाहिए और अन्य लोगों को भी इसके लिए प्रेरित करना चाहिए। मतदान केंद्रों के निरीक्षण के उपरांत जिलाधिकारी शशांक चौधरी एवं पुलिस अधीक्षक सरवणन टी ने तहसील गौरीगंज परिसर स्थित ईवीएम एवं वीवीपैट गोदाम का निरीक्षण किया। वहां चल रहे प्रथम स्तरीय जांच (एफएलसी) कार्यों की स्थिति का जायजा लेते हुए संबंधित अधिकारियों से आवश्यक जानकारी प्राप्त की और कार्यों को निर्धारित दिशा-निर्देशों के अनुरूप संपन्न कराने के निर्देश दिए। निरीक्षण के दौरान उपजिलाधिकारी गौरीगंज दिशा श्रीवास्तव, तहसीलदार गौरीगंज सहित अन्य संबंधित अधिकारी उपस्थित रहे।


