CRIME NEWS : सुल्तानपुर में डबल मर्डर से सनसनी: शिक्षक नेता और पत्नी की निर्मम हत्या
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
SOG समेत कई टीमें हत्यारों की तलाश में जुटीं
लखनऊ, उप्र ।
उत्तर प्रदेश के सुल्तानपुर जिले में मंगलवार सुबह सनसनीखेज डबल मर्डर की वारदात सामने आने से हड़कंप मच गया। कादीपुर कोतवाली क्षेत्र के कुम्ही गांव में शिक्षक नेता मुकेश कुमार उर्फ रम्मू सिंह (45) और उनकी पत्नी विनीता सिंह (43) की धारदार एवं भारी हथियारों से हमला कर हत्या कर दी गई। दोनों के शव उनके निजी विद्यालय परिसर में अलग-अलग स्थानों पर खून से लथपथ मिले।
सुबह स्कूल पहुंचे चालक ने देखे शव
घटना का खुलासा सुबह करीब छह बजे हुआ, जब स्कूल का चालक राकेश यादव चाबी लेने के लिए परिसर में पहुंचा। वहां दोनों के शव देखकर उसने परिजनों और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही कादीपुर पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
विनीता सिंह का शव विद्यालय परिसर में उनके कमरे के पास मिला, जबकि मुकेश सिंह का शव करीब 150 मीटर दूर पड़ा था। दोनों के शरीर पर गंभीर चोटों के निशान मिले हैं। घटनास्थल से खून से सना फावड़ा और कुल्हाड़ी भी बरामद होने की जानकारी सामने आई है।
SOG समेत कई टीमें गठित, हत्यारों की तलाश तेज
दोहरी हत्या की गंभीरता को देखते हुए पुलिस ने आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए SOG समेत कई पुलिस टीमों का गठन किया है। टीमें अलग-अलग बिंदुओं पर जांच करते हुए हत्यारों की तलाश में जुटी हैं। पुलिस घटनास्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगाल रही है और संदिग्ध लोगों से पूछताछ कर रही है।
एसपी विनीत बनरवाल ने बताया कि रंजिश और अन्य सभी संभावित बिंदुओं को ध्यान में रखकर मामले की जांच की जा रही है। पुलिस की टीमें साक्ष्यों और तकनीकी इनपुट के आधार पर घटना की कड़ियां जोड़ने में जुटी हैं।
IG और ADG ने भी लिया घटनास्थल का जायजा
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस के वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। आईजी अयोध्या रेंज सोमेन वर्मा ने घटनास्थल का निरीक्षण कर अधिकारियों से जानकारी ली। वहीं ADG लखनऊ जोन के भी मौके पर पहुंचने की जानकारी है। वरिष्ठ अधिकारियों ने पुलिस टीमों को घटना के जल्द अनावरण और आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
मुकेश तीन भाईयों में सबसे छोटे थे, कम्पॉजिट विद्यालय में प्रधानाध्यापक थे। बड़े भाई डॉ0 अवधेश सिंह गाजीपुर में डिग्री कालेज में प्रवक्ता हैं, बनारस में रहते हैं । दूसरे नंबर पर अखिलेश सिंह है जो सहकारी बैंक में मैनेजर हैं, लखनऊ में रहते हैं। मृतक के पिता रामबदन सिंह की मौत कई वर्ष पहले हो चुका है, माता अभी मौजूद हैं । 
शिक्षक संघ की राजनीति में सक्रिय थे मुकेश
मृतक मुकेश सिंह मोतिगरपुर ब्लॉक के कम्पॉजिट विद्यालय खनुहट में प्रधानाध्यापक थे और स्थानीय स्तर पर शिक्षक संघ की गतिविधियों में सक्रिय थे। वह शिक्षक संघ का चुनाव भी लड़ रहे थे। 28 सितंबर को मतदान प्रस्तावित था, हालांकि चुनाव स्थगित हो गया था।
पुलिस जांच में शिक्षक संघ से जुड़ी गतिविधियों और संभावित रंजिश समेत अन्य पहलुओं को भी शामिल किया गया है। हालांकि, अभी तक पुलिस ने हत्या की किसी एक वजह की पुष्टि नहीं की है।
पत्नी विनीता चलाती थीं शिक्षण संस्थान
विनीता सिंह मनराजी शिक्षण संस्थान, कुम्ही की संचालिका थीं। बताया जा रहा है कि विद्यालय में करीब 500 विद्यार्थी और 11 शिक्षक हैं। दंपती का घर विद्यालय से लगभग एक किलोमीटर की दूरी पर बताया गया है। मुकेश और विनीता के परिवार में 20 वर्षीय पुत्र अभ्युदय सिंह है, जो दिल्ली विश्वविद्यालय में पढ़ाई करता है।
48 घंटे का अल्टीमेटम, 10 हजार शिक्षकों के सड़क पर उतरने की चेतावनी
डबल मर्डर की घटना के बाद शिक्षक समुदाय में भी आक्रोश है। बेसिक शिक्षक संघ ने हत्याकांड के जल्द खुलासे के लिए पुलिस-प्रशासन को 48 घंटे का अल्टीमेटम दिया है। संघ की ओर से कहा गया है कि यदि तय समय में घटना का खुलासा नहीं हुआ तो विद्यालयों में तालाबंदी की जाएगी।
संघ ने करीब 10 हजार शिक्षकों के सड़क पर उतरकर आंदोलन करने की चेतावनी भी दी है। इससे मामले को लेकर शिक्षक समुदाय में बढ़ते आक्रोश का अंदाजा लगाया जा रहा है।
वहीं एमएलसी देवेंद्र प्रताप सिंह ने शासन को पत्र लिख कर शिक्षक दम्पति की हत्या के दोषियों को एनकाउंटर करने व उनके घरों पर बुलडोजर की कार्यवाही करने की मांग की।
हत्या की वजह पर सस्पेंस बरकरार
फिलहाल पुलिस हत्या की वजह और वारदात में शामिल आरोपियों की पहचान के लिए कई कोणों से जांच कर रही है। घटनास्थल से जुटाए गए फोरेंसिक साक्ष्य, सीसीटीवी फुटेज, मोबाइल और अन्य तकनीकी साक्ष्यों के साथ आसपास के लोगों से पूछताछ की जा रही है।
पुलिस के सामने फिलहाल सबसे बड़ी चुनौती दोहरे हत्याकांड की गुत्थी सुलझाकर आरोपियों तक पहुंचना है। SOG समेत गठित पुलिस टीमें हत्यारों की तलाश में लगातार दबिश और जांच में जुटी हैं।

