CRIME NEWS : खूनी खेल से दहला शंभूपुर, पत्नी-दो पुजारियों और बेटे की हत्या के बाद आरोपी ढेर
1 min read


रिपोर्ट – लोक दस्तक संवाददाता
आजमगढ़, उप्र ।
अहरौला थाना क्षेत्र के शंभूपुर गांव में मंगलवार को घरेलू विवाद के बाद हुई सनसनीखेज वारदात से इलाके में हड़कंप मच गया। एक युवक पर अपनी पत्नी और पूजा कराने आए दो पुजारियों की गोली मारकर हत्या करने का आरोप है। इसके बाद आरोपी अपने बच्चों के साथ घर के अंदर बंद हो गया।
बताया जा रहा है कि घर में धार्मिक अनुष्ठान चल रहा था। इसी दौरान आरोपी का पत्नी और पुजारियों से किसी बात को लेकर विवाद हो गया। कहासुनी बढ़ने पर आरोपी ने कथित तौर पर तमंचे से फायरिंग कर दी। गोली लगने से पत्नी और दोनों पुजारियों की मौत हो गई।
घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे इलाके की घेराबंदी कर दी। आरोपी अपने बच्चों को लेकर घर के भीतर मौजूद था। पुलिस ने उसे समझाकर आत्मसमर्पण कराने का प्रयास किया और बच्चों को सुरक्षित बाहर निकालने के लिए कई घंटे तक ऑपरेशन चलाया।
इसी दौरान घर के भीतर से फिर गोली चलने की आवाज आई। पुलिस के अनुसार आरोपी ने अपने करीब 10 वर्षीय बेटे को भी गोली मार दी, जिससे उसकी मौत हो गई। अन्य बच्चों को पुलिस ने सुरक्षित बाहर निकाल लिया।
इसके बाद पुलिस टीम ने घर में प्रवेश करने का प्रयास किया तो आरोपी ने कथित तौर पर पुलिस पर फायरिंग कर दी। जवाबी कार्रवाई में आरोपी गोली लगने से घायल हो गया। उसे अस्पताल ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
घटना के बाद गांव में भारी पुलिस बल तैनात है। पुलिस ने शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेजकर मामले की जांच शुरू कर दी है।

