Independent Day : अमेठी में 80वां स्वतंत्रता दिवस हर्षोल्लास से मनाया गया, राज्य मंत्री और जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
1 min read


रिपोर्ट – लोकदस्तक संवाददाता
_डीपीआरसी में सांस्कृतिक कार्यक्रम, शहीदों के आश्रित सम्मानित, 18 विद्युत सखियों को मिला थर्मल प्रिंटर
अमेठी, उप्र ।
जनपद में 80वां स्वतंत्रता दिवस पूरे हर्षोल्लास और गरिमा के साथ मनाया गया। इस अवसर पर सरकारी, गैर-सरकारी संस्थानों और विद्यालयों में ध्वजारोहण, सांस्कृतिक कार्यक्रम और शहीदों को नमन के कार्यक्रम आयोजित हुए।
राज्य मंत्री और जिलाधिकारी ने किया ध्वजारोहण
जिला पंचायत रिसोर्स सेंटर गौरीगंज में राज्य मंत्री, संसदीय कार्य एवं चिकित्सा स्वास्थ्य विभाग, उत्तर प्रदेश मयंकेश्वर शरण सिंह ने ध्वजारोहण किया। वहीं कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी संजय चौहान ने तिरंगा फहराया।
ध्वजारोहण से पूर्व “वंदे मातरम” का गायन हुआ। इसके बाद झंडा अभिवादन के साथ भावपूर्ण राष्ट्रगान प्रस्तुत किया गया। इस मौके पर उपस्थित अधिकारियों, कर्मचारियों और जनसामान्य को देशसेवा की शपथ भी दिलाई गई।
डीपीआरसी में रंगारंग कार्यक्रम, बच्चों ने बांधा समां
डीपीआरसी गौरीगंज में स्वतंत्रता दिवस के उपलक्ष्य में विविध कार्यक्रम आयोजित किए गए। बेसिक और माध्यमिक शिक्षा विभाग के छात्र-छात्राओं ने देशभक्ति गीतों पर मनमोहक सांस्कृतिक प्रस्तुतियां दीं। बच्चों के प्रदर्शन की सभी ने सराहना की।
कार्यक्रम का संचालन डॉ. रमेश सिंह ने किया।

स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रित सम्मानित
इस अवसर पर राज्य मंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह ने स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के आश्रितों राजेश कुमार सिंह,चंद्रभान यादव, शिवकुमार पांडेय , हनुमान प्रसाद मिश्रा, पुरुषोत्तम गिरि व सुरेंद्र कुमार मिश्रा को अंगवस्त्र देकर सम्मानित किया। साथ ही राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के तहत 18 विद्युत सखियों को थर्मल प्रिंटर भी वितरित किए गए।
मंत्री और जिलाधिकारी का सम्बोधन

राज्य मंत्री ने कहा, _”आज का दिन उन शहीदों को नमन करने का है जिन्होंने अपने प्राणों की आहुति देकर हमें आजादी दिलाई। केंद्र और प्रदेश सरकार की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ हर जरूरतमंद तक पहुंचाया जा रहा है।”
जिलाधिकारी संजय चौहान ने जनपदवासियों को बधाई देते हुए कहा, _”यह आजादी हमें बड़ी मुश्किल से मिली है, इसे संजोकर रखना है। हम जिस पद पर हैं वहां पूरी निष्ठा और ईमानदारी से काम करें। कोई ऐसा कृत्य न करें जिससे किसी को पीड़ा हो।”
कार्यक्रम में रहे मौजूद
इस मौके पर *एडीएम वित्त एवं राजस्व ज्योति सिंह, एडीएम न्यायिक अमृता सिंह, सीडीओ वीरभानु सिंह, सीएमओ डॉ. अंशुमान सिंह, एडीएम सात्विक श्रीवास्तव, पीडी डीआरडीए ऐश्वर्य यादव, डीसी एनआरएलएम प्रवीणा शुक्ला, डीपीआरओ मनोज त्यागी, बीएसए संजय तिवारी, डीआईओएस डॉ. राजेश द्विवेदी* सहित बड़ी संख्या में अधिकारी, कर्मचारी, छात्र-छात्राएं और आमजन उपस्थित रहे।
80वें स्वतंत्रता दिवस पर अमेठी में देशभक्ति, सम्मान और संकल्प का माहौल रहा। प्रशासन ने शहीदों को याद करते हुए जनकल्याण और ईमानदारी से सेवा का संदेश दिया।

