POLITICAL NEWS : आत्मनिर्भर भारत अभियान भारत को वैश्विक शक्ति बनाने का सशक्त आंदोलन – मयंकेश्वर शरण सिंह
1 min read

रिपोर्ट -लोकदस्तक संवाददाता
अमेठी, उप्र।
भारतीय जनता पार्टी अमेठी द्वारा शुक्रवार को”आत्मनिर्भर भारत” अभियान को लेकर एक महत्वपूर्ण प्रेस कॉन्फ्रेंस का आयोजन किया गया। इस प्रेस वार्ता में मुख्य वक्ता के रूप में उत्तर प्रदेश सरकार के राज्यमंत्री मयंकेश्वर शरण सिंह उपस्थित रहे, जिन्होंने आत्मनिर्भर भारत अभियान की मूल भावना, उसके उद्देश्यों और उपलब्धियों पर विस्तार से प्रकाश डाला।
कार्यक्रम की अध्यक्षता भारतीय जनता पार्टी अमेठी के जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने की। मयंकेश्वर शरण सिंह ने अपने संबोधन में कहा कि आत्मनिर्भर भारत अभियान केवल एक योजना नहीं, बल्कि प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी जी के नेतृत्व में भारत को वैश्विक स्तर पर सशक्त बनाने का एक सशक्त आंदोलन है।
उन्होंने बताया कि यह अभियान देश के हर नागरिक को आर्थिक रूप से सक्षम, तकनीकी रूप से दक्ष और सामाजिक रूप से सशक्त बनाने का माध्यम है। उन्होंने अमेठी में चल रही योजनाओं की जानकारी देते हुए बताया कि कैसे कृषि, युवा, महिला और लघु उद्योगों को आत्मनिर्भर भारत अभियान के तहत नई दिशा और गति मिल रही है।
जिलाध्यक्ष सुधांशु शुक्ला ने कहा कि भारतीय जनता पार्टी के प्रत्येक कार्यकर्ता का यह कर्तव्य है कि वह आत्मनिर्भर भारत अभियान को गांव-गांव, घर-घर तक पहुंचाए और जनता को इससे जोड़ने का कार्य करे।उन्होंने यह भी कहा कि वर्षों तक अमेठी की उपेक्षा करने वाले दल अब भाजपा सरकार के विकास कार्यों से विचलित हैं, लेकिन जनता अब जागरूक हो चुकी है और विकास को ही प्राथमिकता दे रही है।
भारतीय जनता पार्टी, अमेठी ने इस अवसर पर यह संकल्प लिया कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के आत्मनिर्भर भारत के सपने को साकार करने के लिए संगठन का हर कार्यकर्ता निरंतर कार्य करेगा।
पार्टी ने नागरिकों से आह्वान किया कि वे आत्मनिर्भर भारत अभियान से जुड़कर राष्ट्र निर्माण में सक्रिय योगदान दें। उक्त अवसर पर पूर्व जिलाध्यक्ष रामप्रसाद मिश्र, पूर्व विधायक गौरीगंज चंद्र प्रकाश मटियारी,भाजपा जिला प्रवक्ता चन्द्रमौलि सिंह भी उपस्थित रहे।