Lok Dastak

Hindi Samachar, हिंदी समाचार, Latest News in Hindi, Breaking News in Hindi.Lok Dastak

POLITICLE NEWS : राहुल गांधी ने कार्यकर्ताओं में भरी ऊर्जा, बोले- महाराष्ट्र-हरियाणा चुनाव में धांधली के सबूत हाथ लगे

1 min read
Spread the love

 

विशेष रिपोर्ट – रवि नाथ दीक्षित 

रायबरेली, उप्र।

लोकसभा में विपक्ष के नेता एवं रायबरेली सांसद राहुल गांधी अपने दो दिवसीय दौरे पर संसदीय क्षेत्र पहुंचे। बुधवार को उन्होंने हरचंदपुर विधानसभा क्षेत्र में बूथ स्तर के कार्यकर्ताओं से संवाद किया और उन्हें पार्टी की रीढ़ की हड्डी बताते हुए संघर्ष की राह पर डटे रहने का आह्वान किया।

सभा को संबोधित करते हुए राहुल गांधी ने कहा कि पहले केवल संदेह होता था कि चुनाव प्रक्रिया में गड़बड़ी हो रही है, लेकिन हाल ही में हुए महाराष्ट्र और हरियाणा विधानसभा चुनावों के बाद हमें ठोस और स्पष्ट प्रमाण मिल चुके हैं। उन्होंने आरोप लगाया कि जनता के मताधिकार से खिलवाड़ कर चुनाव परिणाम बदले जा रहे हैं। राहुल ने कार्यकर्ताओं को संबोधित करते हुए कहा कि कांग्रेस परिवार के सभी साथी शेरदिल हैं और हम सब मिलकर संविधान तथा लोकतंत्र की रक्षा की इस जंग को पूरी ताकत से लड़ रहे हैं।

बुधवार सुबह राहुल गांधी लखनऊ एयरपोर्ट पर पहुंचे, जहां उनका जोरदार स्वागत किया गया। प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष अजय राय और वरिष्ठ नेता आराधना मिश्रा ‘मोना’ समेत तमाम नेताओं ने उनका अभिवादन किया। एयरपोर्ट से वे सीधे रायबरेली के लिए रवाना हुए। रास्ते में बछरावां कस्बे के चौराहे पर सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने उन्हें घेर लिया और बिहार यात्रा के दौरान दिए गए नारे “वोट चोर गद्दी छोड़” गूंजने लगे। राहुल गांधी ने वहां रुककर कार्यकर्ताओं का हाथ हिलाकर अभिवादन स्वीकार किया और फिर रायबरेली मुख्यालय की ओर बढ़ गए।

उनके आगमन पर जिलेभर में कार्यकर्ताओं ने अलग-अलग जगहों पर स्वागत किया। वहीं, हरचंदपुर में भाजपा कार्यकर्ताओं ने उद्यान राज्य मंत्री दिनेश प्रताप सिंह के नेतृत्व में विरोध प्रदर्शन किया और ‘राहुल गांधी वापस जाओ’ के नारे लगाए। स्थिति को नियंत्रित करने के लिए पुलिस को बीच-बचाव करना पड़ा। इस दौरान मामूली धक्का-मुक्की भी देखने को मिली।

राहुल गांधी का यह दौरा राजनीतिक रूप से बेहद अहम माना जा रहा है, क्योंकि 11 सितंबर को होने वाली दिशा बैठक से पहले भाजपा और कांग्रेस आमने-सामने दिख रही हैं।

गौरतलब है कि राहुल गांधी को जमीन से जुड़ा नेता माना जाता है। वे सीधे कार्यकर्ताओं और जनता से संवाद कर उनकी समस्याओं को सुनने और उठाने में विश्वास रखते हैं। हाल के वर्षों में उन्होंने युवाओं और किसानों से जुड़े मुद्दों को प्रमुखता से उठाया है। कांग्रेस कार्यकर्ताओं का मानना है कि राहुल गांधी की सादगी और जनहित के मुद्दों पर मुखर आवाज ही उन्हें विशेष बनाती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

Copyright ©2022 All rights reserved | For Website Designing and Development call Us:-8920664806
Translate »