AMETHI NEWS :अमेठी में सड़कों की विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण के लिए 11,277 लाख रुपये से अधिक के प्रस्ताव
1 min readअमेठी में सड़कों की विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण के लिए 11,277 लाख रुपये से अधिक के प्रस्ताव प्रेषित
विशेष मरम्मत योजना के तहत 87 कार्यों को मिली स्वीकृति, कुल 87 मार्गों की 82.555 किलोमीटर लंबाई में मरम्मत कार्यों को मिली मंजूरी
अमेठी, उप्र ।
जनपद में सड़कों को बेहतर, सुगम एवं आवागमन के योग्य बनाने के उद्देश्य से लोक निर्माण विभाग द्वारा विशेष मरम्मत एवं नवीनीकरण योजना के अंतर्गत व्यापक स्तर पर कार्यवाही की जा रही है। इस संबंध में अधिशासी अभियंता, लोक निर्माण विभाग शैलेंद्र कुमार ने बताया कि जनपद में प्रांतीय खंड एवं निर्माण खंड के अंतर्गत विभिन्न मार्गों की विशेष मरम्मत और नवीनीकरण के लिए प्रस्ताव शासन को प्रेषित किए गए हैं।
उन्होंने बताया कि विशेष मरम्मत योजना के अंतर्गत प्रांतीय खंड द्वारा कुल 134 कार्यों, 144.73 किलोमीटर लंबाई एवं 7154.51 लाख रुपये की लागत का प्रस्ताव भेजा गया था। इसके सापेक्ष 58 कार्यों, 36.535 किलोमीटर लंबाई एवं 2247.54 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शेष कार्यों की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। स्वीकृत कार्यों के लिए निविदा एवं अनुबंध गठन संबंधी कार्यवाही प्रगति पर है। आवश्यक प्रक्रिया पूर्ण होते ही संबंधित मार्गों पर मरम्मत कार्य कराया जाएगा।
इसी प्रकार नवीनीकरण योजना के अंतर्गत प्रांतीय खंड द्वारा 80 कार्यों, 100.85 किलोमीटर लंबाई एवं 2202.75 लाख रुपये की लागत का प्रस्ताव शासन को प्रेषित किया गया है, जिसकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। स्वीकृति प्राप्त होते ही निविदा आमंत्रित कर अनुबंध गठन की कार्यवाही पूरी करते हुए मार्गों के नवीनीकरण का कार्य कराया जाएगा। अधिशासी अभियंता ने बताया कि निर्माण खंड के अंतर्गत विशेष मरम्मत योजना में कुल 30 कार्यों, 46.06 किलोमीटर लंबाई एवं 2507.26 लाख रुपये की लागत का प्रस्ताव भेजा गया था।
इसके सापेक्ष 29 कार्यों, 46.02 किलोमीटर लंबाई एवं 1887.52 लाख रुपये की स्वीकृति प्राप्त हो चुकी है। शेष कार्य की स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। स्वीकृत कार्यों के लिए निविदा एवं अनुबंध गठन संबंधी कार्यवाही की जा रही है।
वहीं, निर्माण खंड के अंतर्गत नवीनीकरण योजना में 87 कार्यों, 108.04 किलोमीटर लंबाई एवं 1914.91 लाख रुपये की लागत का प्रस्ताव प्रेषित किया गया है। इसकी स्वीकृति प्रक्रियाधीन है। स्वीकृति प्राप्त होते ही निविदा आमंत्रित कर अनुबंध गठन की कार्यवाही पूर्ण करते हुए संबंधित मार्गों का नवीनीकरण कराया जाएगा।
उन्होंने बताया कि स्वीकृत कार्यों को निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार शीघ्र प्रारंभ कराते हुए पूर्ण कराने की कार्यवाही की जाएगी, जिससे जनपद के ग्रामीण एवं अन्य संपर्क मार्गों की स्थिति में सुधार हो सके और आमजन को आवागमन में सुविधा मिले।



